मुरादाबाद के बहुचर्चित अनुज चौधरी हत्याकांड में असमोली की ब्लॉक प्रमुख के पति प्रभाकर चौधरी समेत कई मुख्य आरोपी जेल से जमानत पर बाहर आ गए हैं। वारदात को अंजाम देने वाले शूटर भी जेल से बाहर आ चुके हैं। इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस के आरोपियों के जेल से बाहर आने की वजह से पुलिस की सिरदर्दी बढ़ गई है। दोनों गुटों में फिर से टकराव की आशंका में पुलिस ने जेल से रिहा हुए आरोपियों की निगरानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को इसकी समीक्षा की गई है।
बता दें कि भाजपा नेता अनुज चौधरी की 10 अगस्त 2023 को मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में नया मुरादाबाद स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेंट में सरेआम गोलियां बरसाकर सनसनीखेज अंदाज में हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार शूटर्स ने सरेआम अनुज को 25 सेकेंड में 4 गोलियां मारी थीं। हत्या के वक्त अनुज अपने एक दोस्त के साथ गेटेड सोसाइटी के अंदर कंपाउंड में इवनिंग वॉक कर रहे थे। तभी शाम को करीब 7:30 बजे हत्यारों ने उन पर गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में असमोली की ब्लॉक प्रमु ख के पति प्रभाकर चौधरी, बेटा अनिकेत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख और गैंगस्टर ललित कौशिक समेत अन्य 14 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया था। एक एनकाउंटर में पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों को भी गोली मारकर अरेस्ट कर लिया था।
लेकिन पिछले 15-20 दिन में इसके सभी मुख्य आरोपी एक-एक करके जेल से बाहर आ गए हैं। इसमें वे दोनों शूटर भी शामिल हैं जिन्होंने अनुज चौधरी को सरेआम गोलियों से भूना था।
रिहा होने वालों में मुख्य रूप से संभल के एंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र में हाजीबेड़ा निवासी असमोली की ब्लॉक प्रमुख संतोष देवी का पति प्रभाकर चौधरी, बरेली जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे कुख्ययात शूटर मोहित चौधरी का भाई अमित चौधरी और दोनों शूटरों समेत करीब-करीब सभी आरोपी जेल से बाहर आ चुके हैं। ऐसे में पुलिस को फिर से इन गुटों के बीच टकराव की आशंका सता रही है।
Source link
अनुज हत्याकांड: प्रभाकर चौधरी समेत ज्यादातर आरोपी जमानत पर छूटे: हाईप्रोफाइल मर्डर केस में आरोपियों के बाहर आने से फिर टकराव की आशंका,पुलिस अलर्ट – Moradabad News
RELATED ARTICLES

