वाराणसी के मीरघाट पर मंगलवार सुबह 9 बजे गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिहार से अपने परिवार के साथ वाराणसी घूमने और गंगा स्नान के लिए आई 14 वर्षीय किशोरी गहरे पानी में डूब गई। काफी प्रयासों के बाद उसे नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह मीरघाट पर श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान किशोरी सिमरन ठाकुर स्नान करते समय अचानक गहरे पानी की ओर चली गई और तेज बहाव में संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद तत्काल पुलिस और जल पुलिस को सूचना दी गई। गोताखोरों ने शव को निकाला सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कुछ देर की मशक्कत के बाद किशोरी को गंगा से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद एम्बुलेंस से उसे तत्काल कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बिहार की रहने वाली थी मृतका पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सिमरन ठाकुर (14 वर्ष) पुत्री पप्पू कुमार ठाकुर, निवासी ग्राम बनसोई, थाना मुशरख, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सिमरन अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर वाराणसी आई थी और गंगा स्नान के दौरान यह हादसा हो गया।
Source link
मीरघाट पर गंगा में डूबी 14 वर्षीय किशोरी: अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित,परिवार संग काशी घूमने आई थी – Varanasi News
RELATED ARTICLES

