सामा चावल की इडली बनाने के लिए सामग्री-
1 कप सामा चावल
½ कप दही
½ कप पानी (जरूरत के अनुसार)
1 छोटा चम्मच सेंधा नमक
1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट (वैकल्पिक)
1 हरी मिर्च बारीक कटी (यदि व्रत में खाते हों)
1 बड़ा चम्मच बारीक कटी हरी धनिया
1 छोटा चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट या थोड़ा बेकिंग सोडा
इडली मोल्ड को ग्रीस करने के लिए थोड़ा घी
बनाने की आसान विधि-
सबसे पहले सामा चावल को अच्छी तरह धो लें और करीब 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद अतिरिक्त पानी निकालकर मिक्सर में दही और थोड़ा पानी डालते हुए मुलायम बैटर तैयार करें. बैटर न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा.
अब इसमें सेंधा नमक, अदरक का पेस्ट, हरी धनिया और चाहें तो बारीक कटी हरी मिर्च मिला दें. बैटर को 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सभी सामग्री अच्छी तरह मिल जाए.
इडली बनाने से ठीक पहले बैटर में ईनो डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालते ही हल्के हाथ से मिला लें. अब घी लगे इडली मोल्ड में बैटर भरें और पहले से गर्म स्टीमर में 10 से 12 मिनट तक पकाएं.
ऐसे करें सर्व-
सामा चावल की इडली को नारियल की चटनी, मूंगफली की सात्विक चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं. अगर इसे भगवान शिव के भोग के लिए बना रहे हैं, तो पहले भोग लगाएं और उसके बाद परिवार के साथ प्रसाद के रूप में ग्रहण करें.
रुई जैसी सॉफ्ट इडली बनाने के टिप्स-
सामा चावल को पर्याप्त समय तक जरूर भिगोएं. बैटर को बहुत ज्यादा पतला न रखें. ईनो हमेशा स्टीम करने से ठीक पहले डालें. स्टीमर पहले से गर्म होना चाहिए. इडली पकने के बाद तुरंत मोल्ड से न निकालें, 2 से 3 मिनट ठंडी होने दें.
सावन में अगर रोज एक जैसी डिश बनाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार सामा चावल की सॉफ्ट इडली जरूर ट्राई करें. यह स्वाद, सेहत और सात्विकता का बेहतरीन मेल है. हल्की होने के कारण इसे नाश्ते, व्रत के भोजन या भगवान शिव के भोग के रूप में भी आसानी से बनाया जा सकता है.

