अमरोहा में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) सहित अन्य किसान संगठनों ने एक साथ एकत्र होकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। किसान ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों से कलेक्ट्रेट पहुंचे, जिससे आसपास के क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील समझौते को किसानों के लिए हानिकारक बताते हुए उसे रोकने की मांग की। उन्होंने यह भी मांग की कि गंगा एक्सप्रेसवे मार्ग के द्वितीय चरण में मंगरौला से हरिद्वार तक भूमि अधिग्रहण के लिए सर्किल रेट बढ़ाकर बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा दिया जाए। इसके अतिरिक्त, किसानों ने मुरादाबाद कॉरिडोर नेशनल हाईवे 9 के दोनों ओर एक-एक किलोमीटर भूमि को एमडीए के अधीन लाने के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन का भी समर्थन किया और उन पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए छात्रों की मांगें मानने की अपील की। धरने के दौरान संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याओं को सुना। अधिकारियों ने जल्द समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। हालांकि, किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
Source link
अमरोहा में कलेक्ट्रेट पहुंचे हजारों किसान: भारत-अमेरिका ट्रेड डील रोकने, भूमि अधिग्रहण में 4 गुना मुआवजा समेत कई मांगें – Amroha News
RELATED ARTICLES

