बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण राजस्थान में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। बुधवार (22 जुलाई) को 4 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट है।
.
हाड़ौती क्षेत्र में भारी बारिश होने से परवन समेत दूसरी नदियां उफान पर हैं। कोटा, बारां में 5 इंच से ज्यादा पानी बरसने से यहां किसानों की मुश्किलें बढ़ गई।
जयपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, दौसा समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी अच्छी बरसात के बाद तापमान में 9 डिग्री तक गिरावट हुई।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 25 जुलाई तक मानसून एक्टिव रहने और पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है।
मानसून के बड़े अपडेट्स
नदियां उफान पर: बारां, झालावाड़, कोटा में भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। झालावाड़ के मनोहरथाना में परवन नदी का जलस्तर 3 फीट बढ़ने से यहां एक छोटा पुल और मंदिर का हिस्सा डूब गया। मध्य प्रदेश में हो रही बारिश के बाद कालीसिंध नदी का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में बांध का एक गेट करीब 0.10 मीटर खोलकर 426 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
5 इंच से ज्यादा बरसात: पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश कोटा के सुल्तानपुर में 101MM और बारां के छीपाबड़ौद में 130MM हुई है। इसके अलावा हनुमानगढ़, बूंदी, अलवर, करौली, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार दौसा, झालावाड़, टोंक, नागौर, उदयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, भरतपुर समेत कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
पारा 9 डिग्री तक गिरा: मौसम के इस बदलाव से तापमान में भी बड़ा उतार-चढ़ाव हुआ है। अलवर, पिलानी, सीकर, अजमेर, चूरू, गंगानगर, जयपुर सहित कुछ शहरों में अधिकतम तापमान 4 से लेकर 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। दिन में सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, करीब दो हफ्ते बाद प्रदेश में किसी शहर का तापमान 40 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड नहीं हुआ।
राजस्थान में मौसम की तस्वीर…

मध्यप्रदेश से आ रहे बारिश के पानी के कारण झालावाड़ के कालीसिंध बांध का एक गेट खोला है।

टोंक में तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया। शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।

बीकानेर में भी मंगलवार को तेज बारिश हुई। मानसून एक्टिव होने से लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली।
ये शहर सबसे गर्म


आगे कैसा रहेगा मानसून?




राजस्थान बड़े शहरों में कैसा है मौसम
जयपुर: मंगलवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। जिले के तूंगा, कोटपूतली के पास 2 इंच तक पानी बरसा। शहर में भी दिनभर रिमझिम बारिश होती रही। सुबह 8 बजे से देर शाम तक सबसे ज्यादा बरसात जयपुर के पास कोटपूतली में 59MM, पावटा में 31, तूंगा में 44, जमवारामगढ़ में 11MM बरसात हुई। अधिकतम तापमान करीब 4 डिग्री गिरकर 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

जयपुर में मंगलवार को दिनभर मौसम सुहावना रहा। हल्की बारिश के साथ दिनभर हवा चलती रही।
अजमेर: करीब 11 दिन बाद मानसून फिर एक्टिव हुआ है। मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को कुल 5.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अजमेर में मंगलवार को तेज बारिश हुई। कई दिनों बाद लौटे मानसून के कारण मौसम सुहावना हो गया।
जोधपुर: जिले में मंगलवार को दिनभर बारिश नहीं हुई, लेकिन घने बादल छाए रहे। देर रात हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, दिन का तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने 22 से 26 जुलाई के बीच बारिश की संभावना जताई है।

जोधपुर में दिनभर बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस ने परेशान किया।
कोटा: मंगलवार दोपहर तेज बारिश हुई। करीब 20 मिनट तक तेज बारिश के बाद शाम तक रिमझिम बारिश का दौर चला। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। कोटा में 6 एमएम बारिश हुई।

कोटा में मंगलवार दोपहर तेज बारिश हुई। कई दिनों बााद हुई बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
उदयपुर: लेकसिटी में शुरुआत हल्की बूंदाबांदी से हुई, जिसके बाद करीब 15 मिनट तक रिमझिम बारिश का दौर चला। बारिश ज्यादा देर तक नहीं रही, लेकिन इससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उदयपुर के कई हिस्सों में बारिश हुई। मानसून फिर से एक्टिव होने मौसम सुहावना हो गया है।
अलवर: सुबह से ही घने बादल छाए रहे। सुबह करीब 10 बजे तक शहर में बूंदाबांदी होती रही। जिले के नटनी का बारां, सरिस्का क्षेत्र सहित कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हुई। अधिकतम तापमान में 4 डिग्री गिरावट के कारण यह 32 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में अगले पांच दिनों तक तेज बारिश का यलो अलर्ट है।

अलवर में मंगलवार को कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हुई। आने वाले दिनों में भी लगातार बारिश की संभावना है।
सीकर: जिले में मंगलवार सुबह तक तेज बारिश हुई। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। पूरे दिन सीकर में बादल छाए रहने के साथ ठंडक रही। अधिकतम तापमान 8 डिग्री गिरावट के साथ 30.4 डिग्री रहा। जिले में आने वाले दिनों में भी तेज बारिश की संभावना है।

सीकर में तेज बारिश के कारण मंगलवार को गाड़ियां डूबी दिखीं। शहर को कई हिस्सों में तीन-चार फीट तक पानी जमा हो गया।

