झुंझुनूं में कांग्रेस के ‘छात्र गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों ने मंच से पेपर लीक, विश्वविद्यालयों की बढ़ती फीस, एडमिशन व्यवस्था और RSS की कथित दखलअंदाजी को लेकर खुलकर सवाल पूछे। छात्रों ने पूछा कि पेपर लीक कब रुकेगा? विधायक रफीक खान ने इन सभी सवालों के जवाब देते हुए कहा कि पेपर लीक और फीस से जुड़े मुद्दों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे और छात्रों की समस्याओं को सरकार व संगठन स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं, छात्रों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तक कैंडल मार्च निकालकर हाल ही में सुसाइड करने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि दी। पेपर लीक, फीस और RSS की भूमिका पर उठे सवाल शेखावाटी विश्वविद्यालय के छात्र राहुल ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में एडमिशन और नंबर संगठन विशेष से जुड़े छात्रों को प्राथमिकता देकर दिए जाते हैं। RSS का विश्वविद्यालय में प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। इस पर विधायक रफीक खान ने कहा – भले ही आज का कार्यक्रम छात्र हितों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है, लेकिन इस तरह की व्यवस्थागत और वैचारिक गड़बड़ियों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। राहुल गांधी के अभियान से जुड़ने का आह्वान कार्यक्रम के अंत में विधायक रफीक खान ने छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से राहुल गांधी के दृष्टिकोण से जुड़ने और ‘छात्र गूंज’ अभियान के जरिए छात्र हितों की आवाज मजबूत करने का आह्वान किया। कलेक्ट्रेट तक निकाला कैंडल मार्च, बच्चों को दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सामुदायिक विकास भवन से जिला कलेक्ट्रेट तक कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च की अगुवाई विधायक रफीक खान, जिला अध्यक्ष रीटा चौधरी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने की। इसमें बड़ी संख्या में छात्र, कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस जाब्ता और डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारी तैनात रहे। यहां हाल ही में सुसाइड करने वाले बच्चों के पोस्टरों के सामने मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
Source link

