मैनपुरी के शहर कोतवाली क्षेत्र के नगला कैथ गांव में एक महिला ने घर के बाहर फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। आरोप है कि स्थानीय पुलिस को तहरीर देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिसके बाद उसने एसपी से कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। रात 11 बजे घर पहुंचकर किया हंगामा नगला कैथ गांव निवासी सोनम पत्नी धीरज ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 29 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान गांव के ही हरी सिंह और सूरज, जो कथित रूप से मुंह ढके हुए थे, उनके घर पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने पहले घर के दरवाजे पर लात मारकर परिवार को डराने का प्रयास किया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए तमंचे से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। CCTV में कैद होने का दावा महिला का कहना है कि पूरी घटना उसके मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फायरिंग के तुरंत बाद उसने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज भी देखी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे थाना कोतवाली जाकर तहरीर देने की सलाह दी। जमीनी विवाद से जुड़ा बताया मामला पीड़िता के अनुसार यह पूरा विवाद पुरानी जमीनी रंजिश से जुड़ा है। उसने आरोप लगाया कि करीब दो महीने पहले भी इन्हीं लोगों ने उसके परिवार के साथ मारपीट की थी। उस समय भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब दोबारा हुई घटना के बाद भी थाना कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। एसपी से लगाई न्याय की गुहार महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
Source link
मैनपुरी में महिला का आरोप-घर के बाहर की फायरिंग: CCTV में कैद; FIR न होने पर एसपी से लगाई न्याय की गुहार – Mainpuri News
RELATED ARTICLES

