Last Updated:
Raksha Bandhan Special Sweet Dish Recipe: रक्षाबंधन पर अगर आप घर पर कुछ खास और शुद्ध बनाना चाहते हैं तो मध्य प्रदेश के बुरहानपुर की प्रसिद्ध रवा-मावा बर्फी एक शानदार विकल्प है. एक्सपर्ट सतीश ने कम सामग्री में इस पारंपरिक और बेहद स्वादिष्ट मिठाई को बनाने की सबसे आसान विधि साझा की है.
Rava Mawa Barfi Recipe: रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक है. त्योहार आते ही घरों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं. लोग तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनाते हैं. अगर आप भी इस रक्षाबंधन पर बाजार से मिठाई नहीं खरीदना चाहते तो घर पर कुछ खास बना सकते हैं. मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के बुरहानपुर की मशहूर रवा-मावा बर्फी इसके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. यह पारंपरिक मिठाई खाने में बेहद स्वादिष्ट और बनाने में बहुत आसान है.
कम सामग्री में तैयार करें मिठाई
रवा-मावा बर्फी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. इसे आप घर में मौजूद सामान्य सामग्री से आसानी से बना सकते हैं. इसके लिए आपको केवल रवा (सूजी), मावा (खोया), शक्कर, घी और स्वादानुसार इलायची की आवश्यकता होगी. घर पर बनने के कारण यह मिठाई पूरी तरह शुद्ध होती है. इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जा सकता है.
एक्सपर्ट सतीश ने बताई आसान रेसिपी
लोकल 18 की टीम को बुरहानपुर के एक्सपर्ट सतीश ने इसे बनाने की सही विधि बताई है. सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें. अब रवे को कड़ाही में डालें और धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. जब रवा सुनहरा हो जाए और उससे खुशबू आने लगे, तो उसमें मावा मिला दें. मावा मिलाने के बाद इस मिश्रण को कुछ देर तक और पकाएं. इसके बाद तैयार मिश्रण में चाशनी या शक्कर डालें और अच्छी तरह चलाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब एक थाली या ट्रे में थोड़ा घी लगाएं. मिश्रण को इसमें समान रूप से फैलाकर ठंडा होने के लिए रख दें. जब यह अच्छी तरह जम जाए तब इसे अपने मनपसंद आकार में काट लें. अंत में इसके ऊपर कटे हुए बादाम और पिस्ता सजाएं. इससे बर्फी का स्वाद और आकर्षण दोनों बढ़ जाते हैं.
कई दिनों तक नहीं होगी खराब
बुरहानपुर में रवा-मावा बर्फी को पारंपरिक मिठाई के रूप में बहुत पसंद किया जाता है. रक्षाबंधन के मौके पर इसे मेहमानों और भाई-बहनों को परोसा जा सकता है. बच्चे हों या बड़े, यह मिठाई सभी को बहुत पसंद आती है. इसे सही तरीके से बनाकर साफ और ढके हुए डिब्बे में रखने पर यह कई दिनों तक स्वादिष्ट बनी रहती है. इस बार घर पर ही बनी इस स्वादिष्ट रवा-मावा बर्फी से अपने त्योहार की मिठास बढ़ाएं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ें

