Tuesday, September 1, 2026
Homeबिज़नेसबिहार अनोखा जंक्शन, जहां नहीं रुकती एक भी एक्सप्रेस ट्रेन; हैरान करेगी...

बिहार अनोखा जंक्शन, जहां नहीं रुकती एक भी एक्सप्रेस ट्रेन; हैरान करेगी कहानी


मुंगेर: भारत में कई ऐसे अनोखे और अजीबोगरीब रेलवे स्टेशन हैं, जिनकी दिलचस्प कहानियाँ और विशेषताएँ लोगों को हैरान कर देती हैं. कहानियों के इस श्रृंखला में हम आपको लेकर चलते हैं बिहार के मुंगेर और बेगूसराय के बॉर्डर जंक्शन यानी सबलपुर जंक्शन. इस सबलपुर जंक्शन की कहानी थोड़ी अलग है. नाम के आगे जंक्शन जुड़ा है, लेकिन यात्रियों का आरोप है कि यहां एक भी एक्सप्रेस ट्रेन नहीं रुकती. स्थानीय लोग समस्या जंक्शन के नाम से भी पुकारते हैं. यहां स्टेशन पर पानी, पंखा, बाथरूम, वेटिंग रूम और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सवाल हैं. Local 18 की ग्राउंड रिपोर्ट में यात्रियों ने अपनी परेशानियां बताईं और रेलवे से ट्रेनों का ठहराव बढ़ाने के साथ सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग की.

जंक्शन है…लेकिन एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं
रेलवे स्टेशन किसी भी इलाके के लिए सिर्फ ट्रेन पकड़ने की जगह नहीं होता, बल्कि आसपास के लोगों के लिए आने-जाने का बड़ा जरिया होता है .लेकिन सबलपुर जंक्शन पर पहुंचने वाले यात्रियों की शिकायतें सुनें तो यहां तस्वीर कुछ अलग नजर आती है.यात्रियों के मुताबिक जंक्शन होने के बावजूद यहां एक भी एक्सप्रेस ट्रेन नहीं रुकती . लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशन का रुख करना पड़ता है. ऐसे में समय के साथ अतिरिक्त किराया और आने-जाने की परेशानी भी बढ़ जाती है. यात्रियों की मांग है कि कम से कम प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव यहां दिया जाए, ताकि जंक्शन का फायदा स्थानीय लोगों को भी मिल सके.

पानी से लेकर बाथरूम तक की समस्या
लोकल 18 पर देवघर जाने के लिए सबलपुर जंक्शन पहुंचे रेल यात्री मुकेश कुमार ने स्टेशन की व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की . उन्होंने बताया कि यहां यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है.उनके मुताबिक पानी, लाइटिंग, बाथरूम और पंखे तक की पर्याप्त सुविधा नहीं है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए.मुकेश कुमार ने कहा कि यहां सिर्फ समस्या ही समस्या है .उनका कहना है कि यात्रियों के लिए कम से कम जरूरी बुनियादी सुविधाएं तो उपलब्ध होनी चाहिए.

‘ट्रेन में भीड़, हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?
वहीं , रेल यात्री धीरज साह ने स्टेशन की व्यवस्था को बेहद खराब बताया कि ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा रहती है और ज्यादातर पैसेंजर ट्रेनें ही चलती हैं .उनकी चिंता सिर्फ ट्रेन की संख्या को लेकर नहीं है. वह कहते हैं कि भीड़ इतनी रहती है कि अगर कोई घटना या दुर्घटना हो गई तो जिम्मेदार कौन होगा?
धीरज साह की मांग है कि यहां ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए और यात्रियों के लिए वेटिंग रूम समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. उनका कहना है कि जब इसे जंक्शन का दर्जा दिया गया है तो यहां जंक्शन जैसी सुविधाएं भी मिलनी चाहिए.

सबलपुर में इन 5 ट्रेनों का है ठहराव
स्टेशन पर उपलब्ध समय-सारणी जो लोकल 18 के ग्राउंड रिपोर्ट में दिखाई दिया वो आप अपने मोबाइल स्क्रीन पर देख सकते हैं.इस सूचना के आधार पर सबलपुर जंक्शन पर अप दिशा में पांच ट्रेनों का ठहराव है .इनमें मुख्य रूप से डेमू और पैसेंजर सेवाएं शामिल हैं.

1. जमालपुर–तिलरथ डेमू | 73452

ट्रेन नंबर 73452 जमालपुर से तिलरथ जाती है। सबलपुर जंक्शन पर इसका आगमन सुबह 5:32 बजे और प्रस्थान 5:33 बजे है .

2. जमालपुर–महेशखूंट डेमू | 73462

ट्रेन नंबर 73462 जमालपुर से महेशखूंट के लिए चलती है. यह सबलपुर में सुबह 9:57 बजे पहुंचती है और 9:58 बजे रवाना होती है.

3. जमालपुर–तिलरथ डेमू | 73454

73454 भी जमालपुर से तिलरथ जाने वाली डेमू ट्रेन है. इसका सबलपुर जंक्शन पर आगमन दोपहर 1:32 बजे और प्रस्थान 1:33 बजे है.

4. जमालपुर–खगड़िया | 73464

73464 जमालपुर से खगड़िया के लिए चलती है. सबलपुर पर इसका आगमन शाम 5:46 बजे और प्रस्थान 5:47 बजे है.

5. जमालपुर–सहरसा | 05510

05510 जमालपुर से सहरसा जाने वाली ट्रेन है.सबलपुर जंक्शन पर यह रात 10:26 बजे पहुंचती है और 10:28 बजे रवाना होती है.

डाउन दिशा में भी पांच ट्रेनों का ठहराव

सबलपुर जंक्शन पर डाउन दिशा में भी पांच ट्रेनों का ठहराव दर्ज है।

1. तिलरथ–जमालपुर डेमू | 73451

73451 तिलरथ से जमालपुर जाती है. सबलपुर पर इसका आगमन सुबह 8:06 बजे और प्रस्थान 8:07 बजे है.

2. महेशखूंट–जमालपुर डेमू | 73461

73461 महेशखूंट से जमालपुर जाती है. इसका सबलपुर में आगमन 11:39 बजे और प्रस्थान 11:40 बजे है.

3. तिलरथ–जमालपुर डेमू | 73453

73453 तिलरथ से जमालपुर जाने वाली ट्रेन है. उपलब्ध बोर्ड के अनुसार सबलपुर पर इसका आगमन 3:04 बजे और प्रस्थान 4:05 बजे दर्ज है.

4. सहरसा–जमालपुर | 05509

05509 सहरसा से जमालपुर जाती है. सबलपुर पर इसका आगमन सुबह 7:12 बजे और प्रस्थान 7:14 बजे है.

5. खगड़िया–जमालपुर | 03475

03475 खगड़िया से जमालपुर जाने वाली ट्रेन है.इसका सबलपुर जंक्शन पर आगमन शाम 6:45 बजे और प्रस्थान 6:46 बजे है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments