नवादा में करोड़ों की ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। नवादा जिले के काशीचक प्रखंड के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने यह एक्शन लिया। शाहपुर थानाध्यक्ष आशुतोष पांडे के नेतृत्व में पार्वती गांव में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी रिलायंस फाइनेंस, बजाज फाइनेंस और इस्लामी फाइनेंस समेत कई अन्य फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा थानाध्यक्ष को साइबर ठगी की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने खुद पुलिस टीम के साथ छापेमारी शुरू की। पुलिस के पहुंचते ही दोनों आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप रजक के बेटे शंकर कुमार और रंजन कुमार के बेटे नीतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नीतीश कुमार नालंदा जिले का रहने वाला है, जबकि दोनों आरोपी पार्वती गांव में बैठकर साइबर फ्रॉड की गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और डाटा शीट बरामद किए हैं। पुलिस को शक है कि इन उपकरणों और डाटा के जरिए बड़े पैमाने पर लोगों को फाइनेंस के नाम पर झांसा देकर ठगी की जाती थी। पुलिस की कार्रवाई लगातार रहेगी जारी थानाध्यक्ष आशुतोष पांडे ने बताया कि दूसरे जिले से आकर नवादा में बैठकर साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि ये साइबर अपराधी लोन दिलाने के नाम पर लोगों को लिंक भेजते थे। लिंक भेजने के बाद मोबाइल हैक कर लेते थे और फिर ठगी करते थे।
Source link

