Saturday, September 19, 2026
Homeराज्यबिहारनेशनल फिल्म अवार्ड विजेता विनोद अनुपम बने CBFC मेंबर: 3 साल...

नेशनल फिल्म अवार्ड विजेता विनोद अनुपम बने CBFC मेंबर: 3 साल के लिए मनोनयन, सिनेमा और OTT कंटेंट का करेंगे सर्टिफिकेशन – Khagaria News


खगड़िया के परबत्ता प्रखंड के कबेला गांव निवासी फिल्म समीक्षक और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित विनोद अनुपम को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का सदस्य बनाया गया है।

.

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बोर्ड के पुनर्गठन के तहत उन्हें तीन साल के लिए मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की खबर से खगड़िया के कला, साहित्य और सिनेमा जगत में खुशी का माहौल है।

कबेला गांव से जुड़ा है नाता

विनोद अनुपम का संबंध खगड़िया के कबेला गांव से है। हालांकि, उनका जन्म मुंगेर जिले के जमालपुर में हुआ था और शुरुआती शिक्षा भी उन्होंने मुंगेर में ही हासिल की।

वर्ष 1984 में उन्होंने भागलपुर विश्वविद्यालय से हिंदी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2000 में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से फिल्म का कोर्स किया।

विनोद अनुपम।

2002 में मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

फिल्म समीक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान वर्ष 2002 में मिली। 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक’ का सम्मान दिया गया।

इसके बाद भी वे लगातार फिल्म समीक्षा, सिनेमा और फिल्म संस्कृति से जुड़े रहे।

बिहार फिल्म विकास निगम में भी मिली जिम्मेदारी

विनोद अनुपम को अगस्त 2024 में बिहार राज्य फिल्म विकास वित्त निगम का मुख्य सलाहकार भी बनाया गया था। सिनेमा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और सक्रियता को देखते हुए अब उन्हें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

फिल्मों-ऑडियो-विजुअल कंटेंट के प्रमाणन में भूमिका

CBFC सदस्य के तौर पर विनोद अनुपम फिल्मों के सार्वजनिक प्रदर्शन से पहले होने वाली प्रमाणन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।

मौजूदा दौर में सिनेमाघरों के साथ OTT प्लेटफॉर्म पर भी बड़ी संख्या में फिल्में और अन्य ऑडियो-विजुअल कंटेंट दर्शकों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रमाणन प्रक्रिया को लेकर बोर्ड की जिम्मेदारी भी बढ़ी है।

विनोद अनुपम (ब्राउन शर्ट में )

विनोद अनुपम (ब्राउन शर्ट में )

CBFC का सदस्य बनना गर्व की बात

नई जिम्मेदारी मिलने पर विनोद अनुपम ने कहा कि CBFC का सदस्य बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सिनेमा के साथ OTT पर भी लगातार नया कंटेंट आ रहा है, जिससे बोर्ड की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है। उनका प्रयास रहेगा कि दर्शकों तक अच्छी गुणवत्ता वाली और सार्थक फिल्में पहुंच सकें।

खगड़िया के कला-साहित्य जगत में खुशी

विनोद अनुपम के मनोनयन पर खगड़िया के स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों और प्रबुद्धजनों ने प्रसन्नता जताई है। उनका कहना है कि फिल्म समीक्षा के क्षेत्र में विनोद अनुपम के लंबे अनुभव और सिनेमा की गहरी समझ का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया को मिलेगा।

उनके CBFC सदस्य बनने को खगड़िया के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments