गाजीपुर के करमपुर गांव के हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वह पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य हैं। मिडफील्डर के रूप में खेलने वाले राजकुमार गाजीपुर के पहले खिलाड़ी होंगे, जिन्हें अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। राजकुमार का हॉकी का सफर करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम से शुरू हुआ। उनका जन्म 1 मई 1998 को हुआ था। उन्होंने 10-11 साल की उम्र में यानी 2009 में हॉकी खेलना शुरू किया। उनके बड़े भाई जोखन और राजू भी हॉकी से जुड़े रहे हैं। 2012 में साई के छात्रावास में हुआ चयन खेल में उनकी रुचि और प्रतिभा को देखते हुए 2012 में उनका चयन लखनऊ स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के छात्रावास में हुआ। वहां उन्होंने अपने खेल को निखारा। 2018 में बेल्जियम में हुए पांच देशों के अंडर-23 टूर्नामेंट के लिए चुने जाने के बाद वह पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए। इसी साल सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय सीनियर टीम के राष्ट्रीय शिविर में जगह मिली। 2020 में राजकुमार ने एफआईएच प्रो लीग में भारतीय सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया। 2021 में ढाका में हुई एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता। 2022 में जकार्ता में हुए एशिया कप में भी भारत को कांस्य पदक मिला।
हॉकी विश्व कप से लेकर एशिया कप तक में किया शानदार प्रदर्शन 2023 में उन्होंने भुवनेश्वर और राउरकेला में हुए पुरुष हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 2024 में चीन में हुई एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने स्वर्ण पदक जीता। इस टूर्नामेंट में मलेशिया के खिलाफ राजकुमार ने हैट्रिक लगाई। राजकुमार के करियर का सबसे यादगार पड़ाव पेरिस ओलंपिक 2024 रहा। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस सफलता में राजकुमार ने मिडफील्ड में अपनी तेजी, गेंद पर नियंत्रण और आक्रामक रणनीति से महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 2025 में बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा रहे। भारत ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि और डीएसपी पद की मिली सौगात अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के साथ राजकुमार को प्रदेश सरकार की ओर से भी सम्मान और जिम्मेदारी मिली। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद 17 अगस्त 2024 को गाजीपुर के करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने और उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर नियुक्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद 24 मार्च 2026 को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उन्हें डीएसपी पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। इसी दौरान उन्हें प्रदेश के प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। अर्जुन पुरस्कार से राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी नई पहचान अब अर्जुन पुरस्कार के रूप में राजकुमार पाल की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी पहचान मिलने जा रही है। पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने सोमवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें राजकुमार को 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए राजकुमार को बधाई और शुभकामनाएं दीं। अर्जुन पुरस्कार भारतीय खेल जगत के प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल है। राजकुमार की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके व्यक्तिगत संघर्ष और वर्षों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि गाजीपुर में हॉकी की मजबूत होती पहचान को भी राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करती है।
Source link
गाजीपुर के राजकुमार पाल को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार: भारतीय हॉकी टीम के मिडफील्डर हैं, पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था – Ghazipur News
RELATED ARTICLES

