Last Updated:
Almond Coconut Saffron Roll Recipe: त्योहार हो या कोई खास मौका, घर पर बनी मिठाई का स्वाद ही अलग होता है. बादाम नारियल केसर रोल एक स्वादिष्ट और शाही मिठाई है, जिसे बादाम, नारियल और केसर की मदद से आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसकी खुशबू और लाजवाब स्वाद हर किसी का दिल जीत लेंगे. अगर आप बाजार की मिठाई की जगह कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें.
नागौर. त्योहार हो या घर में कोई खास अवसर, मीठे पकवानों के बिना खुशियां अधूरी लगती हैं. ऐसे में अगर आप घर पर कुछ खास और स्वादिष्ट मिठाई बनाना चाहते हैं तो बादाम नारियल केसर रोल एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह मिठाई स्वाद के साथ-साथ देखने में भी बेहद आकर्षक लगती है. बादाम, नारियल, केसर और रबड़ी के मिश्रण से तैयार होने वाले इन रोल का स्वाद हर किसी को पसंद आ सकता है. खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
फूड एक्सपर्ट रीना कंवर ने बताया कि इस स्वादिष्ट मिठाई को बनाने के लिए 300 ग्राम दूध की रबड़ी, 150 ग्राम कद्दूकस किए हुए बादाम, 300 ग्राम नारियल का बूरा, स्वादानुसार पिसी हुई चीनी, एक छोटा चम्मच गुलाब जल, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, आधा छोटा चम्मच दूध में भीगी हुई केसर, आवश्यकतानुसार देसी घी और सजावट के लिए चांदी का वर्क लें. इन सभी सामग्रियों की मदद से स्वादिष्ट और खुशबूदार मिठाई तैयार की जा सकती है.
इस तरह तैयार करें दूध की रबड़ी
सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. दूध में उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और इसे लगातार चलाते हुए पकाएं. दूध को तब तक पकाएं, जब तक इसकी मात्रा लगभग तीन चौथाई न रह जाए और यह गाढ़ा होकर रबड़ी जैसा न बन जाए. ध्यान रखें कि दूध बर्तन के तले में चिपके नहीं. रबड़ी तैयार होने के बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें.
बादाम और नारियल का मिश्रण बनाएं
अब एक बड़े बर्तन में नारियल का बूरा और कद्दूकस किए हुए बादाम डालें. इसमें स्वादानुसार पिसी हुई चीनी मिलाएं. इसके बाद तैयार रबड़ी को धीरे-धीरे डालते हुए सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. अब इसमें दूध में भीगी हुई केसर, इलायची पाउडर और गुलाब जल डाल दें. सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाकर एक ऐसा मिश्रण तैयार करें, जिससे आसानी से रोल बनाए जा सकें. अगर मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो इसमें थोड़ा नारियल का बूरा मिलाया जा सकता है.
हाथों से तैयार करें सुंदर रोल
मिश्रण तैयार होने के बाद हाथों पर थोड़ा देसी घी लगाएं, ताकि मिश्रण चिपके नहीं. अब थोड़ी-थोड़ी मात्रा लेकर इसे हथेलियों की मदद से लंबा या मनचाहा आकार देते हुए रोल बना लें. इसी तरह पूरे मिश्रण से एक जैसे आकार के रोल तैयार कर लें. रोल बनाते समय ध्यान रखें कि उनका आकार बराबर हो, जिससे मिठाई देखने में सुंदर लगे.
चांदी के वर्क से सजाकर करें सर्व
आखिर में तैयार बादाम नारियल केसर रोल पर चांदी का वर्क लगाकर सजाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़े कटे हुए बादाम और पिस्ता भी डाल सकते हैं. इसके बाद इन्हें कुछ देर ठंडा होने के लिए रख दें, ताकि रोल अच्छी तरह सेट हो जाएं. अब स्वादिष्ट बादाम नारियल केसर रोल परोसने के लिए तैयार हैं. इन्हें घर आए मेहमानों को मिठाई के रूप में परोस सकते हैं.
About the Author
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…

