Saturday, November 14, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशगोरखपुर में मेयर-नगर आयुक्त ने घाट की सफाई की: नदी से...

गोरखपुर में मेयर-नगर आयुक्त ने घाट की सफाई की: नदी से निकाली पूजन सामग्री; गोरक्ष घाट से निकला 600 किलो कचरा – Gorakhpur News




छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को राजघाट स्थित गोरक्ष घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने खुद श्रमदान कर घाट परिसर की सफाई की। अभियान के दौरान घाट के आसपास फैली पॉलिथीन, प्लास्टिक और पूजन सामग्री को एकत्र किया गया। वहीं, नदी के पानी में तैर रही माला-फूल और अन्य पूजन सामग्री को भी बाहर निकाला गया। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान करीब 600 किलोग्राम कचरा एकत्र किया। इसे मौके पर ही अलग-अलग छांटकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित करने की व्यवस्था की गई। छठ पर्व पर राजघाट सहित शहर के प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर नगर निगम विशेष अभियान चला रहा है। शुक्रवार को महापौर और नगर आयुक्त की अगुवाई में हुए अभियान में अपर नगर आयुक्त, विभागाध्यक्ष, सहायक नगर आयुक्त, अधिकारी, पार्षद और नगर निगम के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए आईईसी टीम, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, स्वच्छता चैंपियंस और आम नागरिक भी अभियान में शामिल हुए। 600 किलो कचरे का मौके पर ही किया गया पृथक्करण अभियान के दौरान घाट के चारों तरफ सफाई कराई गई। लोगों की ओर से फेंकी गई पॉलिथीन, प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्र कर अलग-अलग डस्टबिन में रखा गया। नदी के पानी में तैर रहे माला-फूल और पूजन सामग्री को भी बाहर निकाला गया। नगर निगम की टीम ने करीब 600 किलोग्राम कचरा एकत्र किया। खास बात यह रही कि कचरे को एक साथ डंप करने के बजाय घाट पर ही अलग-अलग छांटा गया। प्लास्टिक और अन्य रिसाइकिल होने वाले कचरे को एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर भेजा जाएगा, जबकि माला-फूल और जैविक कचरे को कंपोस्टिंग पिट में पहुंचाया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य छठ पर्व के दौरान घाटों पर कचरा जमा होने से रोकने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाट के चारों तरफ बैरिकेडिंग कराई गई है। इससे श्रद्धालु गहरे पानी की ओर नहीं जा सकेंगे। महापौर और नगर आयुक्त ने लोगों से अपील की कि पूजा के दौरान घाटों पर गंदगी न फैलाएं। कचरा और पूजन सामग्री इधर-उधर या नदी में न डालें। इसके लिए घाटों पर लगाए गए डस्टबिन का ही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि पर्व की पवित्रता बनाए रखने के साथ घाटों को स्वच्छ रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। तीन अन्य घाटों पर भी देखीं तैयारियां गोरक्ष घाट पर स्वच्छता अभियान के बाद महापौर और नगर आयुक्त ने डोमिनगढ़, तकिया घाट और हनुमानगढ़ी घाट पहुंचकर छठ पर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घाटों पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी काम अभी अधूरे हैं, उन्हें तत्काल पूरा कराया जाए। जिन कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे समय से पहुंचकर पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। नगर निगम का जोर है कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रहे। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments