Sunday, July 6, 2025
Homeराज्यबिहारमुंगेर पहुंचे IG विकास वैभव, स्कूली बच्चों से मिले: लेट्स इंस्पायर...

मुंगेर पहुंचे IG विकास वैभव, स्कूली बच्चों से मिले: लेट्स इंस्पायर बिहार कार्यक्रम में बोले- ‘शिक्षा, समता और उद्यमिता से आएगा विकास’ – Munger News


मुंगेर में लेट्स इंस्पायर बिहार की ओर से शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर पुरानीगंज में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के संस्थापक पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव शामिल हुए।

.

उन्होंने कहा कि, ‘बिहार का इतिहास काफी समृद्ध रहा है। हर क्षेत्र में बिहार में संपूर्ण विश्व को रास्ता दिखाया है। लोकतंत्र की शुरुआत भी बिहार से ही हुई।’ उन्होंने युवाओं को इतिहास से प्रेरणा लेकर बिहार को विकसित बनाने में अपनी भूमिका अदा करने की अपील करते हुए कहा कि, ‘शिक्षा, समता और उद्यमिता के माध्यम से ही हम बिहार को आगे ले जा सकते हैं।’

युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान मौजूद छात्र।

प्रति व्यक्ति आय महज 5,000 रुपए – विकास वैभव

विकास वैभव ने कहा, ‘हमें चिंतन करना चाहिए कि जब हमारा इतिहास इतना समृद्ध और वैभवशाली था तो वर्तमान में हम इतना पीछे क्यों हैं। बिहार की प्रति व्यक्ति आय महज 5,000 रुपए है। ऐसे में यदि हम 15 प्रतिशत विकास दर से भी आगे बढ़ते हैं सिक्किम के समान बनने में कई दशक लग जाएगा।’ उन्होंने समता की बात करते हुए कहा कि, ‘बिहार में पहले भी जाति व्यवस्था थी, लेकिन जातिवाद इतना प्रभावी नहीं था।’

उन्होंने कहा, ‘यदि ऐसा हुआ होता तो नंद वंश का साम्राज्य मगध में नहीं होता। आचार्य चाणक्य कभी चंद्रगुप्त को सम्राट नहीं बनाते। वर्तमान समय में जातिवाद का चेहरा इतना विद्रूप हो चुका है कि लोग विकास की बात करने वाले को नहीं चुनते तथा जाति के नाम पर वोट करते हैं।’

‘बिहार आर्थिक रूप से उन्नत हो’

उन्होंने कहा कि, ‘जब तक बिहार विकसित नहीं होता, तब तक भारत विकसित नहीं होगा। बिहार को विकसित करने के लिए समाज के हर वर्गों को जोड़कर तथा जाति, संप्रदाय के विचार से उपर उठकर शिक्षा, समता और उद्यमिता पर काम करना होगा। हमारा लक्ष्य है कि बिहार आर्थिक रूप से उन्नत हो।’

आगे कहा, ‘इसके लिए बड़ी संख्या में कुशल युवा बड़ी संख्या में योगदान दें।’ उन्होंने मुंगेर के हथियार उद्योग को विकसित करने का मुद्​दा उठाया। वहीं बिहार योग स्कूल की चर्चा करते हुए कहा कि विश्व स्तर पर इसकी पहचान है। स्थानीय लोग ही इसके महत्व को नहीं समझ पा रहे हैं। बिहार के समक्ष बड़ी चुनौती यहां की जनसंख्या है।

‘नौकरी देने वाले बनेंगे तभी बिहार में आएगा बदलाव’

बिहार की 14 करोड़ में नौ करोड़ आबादी युवाओं की है। यदि उन्हें दक्ष बनाया जाय तो 2047 में बिहार को विकसित बिहार बनने से कोई रोक नहीं सकता है। हमारे युवा जब नौकरी मांगने वाले नहीं नौकरी देने वाले बनेंगे तभी बिहार में बदलाव आएगा। इसके अलावा उन्होंने छात्रों के सवालों का भी जवाब दिया।

इस कार्यक्रम को सौरभ कुमार, जयराम विप्लव, राजेश जैन, डा. हर्षवर्धन आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह, संचालन मनोज कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन शुभंकर झा ने किया। मौके पर अमरनाथ केसरी, हेमंत कुमार, मनमोहन चौधरी, मनमोहन कुमार, मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद थे।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments