नई दिल्ली (AI Knowledge). क्या आपने कभी सोचा है कि ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (AI) आपका ऐसा को-वर्कर बन सकता है, जो रिपोर्ट तैयार करता है, धोखाधड़ी पकड़ता है और आपके प्रोजेक्ट को डिजाइन करने में मदद करता है? यह साइंस की कोई फैंटसी नहीं, बल्कि आने वाले समय की हकीकत है. एआई अब केवल लैब्स तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्लोबल इनोवेशन और आर्थिक विकास की रीढ़ बन चुका है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि 2030 तक एआई ग्लोबल इकॉनमी में खरबों डॉलर का योगदान देगा.
एआई करियर क्यों है भविष्य की सबसे सेफ पसंद?
आज बैंकिंग, आईटी, रिटेल और लॉजिस्टिक्स जैसे हर क्षेत्र में एआई संचालित समाधानों में भारी निवेश हो रहा है. डिमांड और टैलेंट के बीच का बढ़ता अंतर उन लोगों के लिए ‘गोल्डन चांस’ है, जो इन दिनों एआई लिटरेसी विकसित कर रहे हैं. पारंपरिक आईटी रोल्स के विपरीत, एआई में रोबोटिक्स, डीप लर्निंग और कंप्यूटर विजन जैसे कई एक्सपर्ट सेक्टर्स के दरवाजे खुलते हैं, जहां पैकेज भी ऊंचा मिलता है.
ऑटोमेशन का खतरा और प्रभावित होने वाले क्षेत्र
2026 में टेक्नोलॉजी इतनी एडवांस हो जाएगी कि रूटीन और दोहराव वाले कार्यों वाली नौकरियां सबसे अधिक प्रभावित होंगी.
- मैन्युफैक्चरिंग: असेंबली लाइन और क्वॉलिटी कंट्रोल जैसे काम रोबोट संभालेंगे, जिससे पारंपरिक फैक्ट्री जॉब्स में कमी आएगी.
- कानूनी और प्रशासनिक सेवाएं: एआई टूल अब कानूनी रिसर्च और कॉन्ट्रैक्ट ड्राफ्टिंग करने में सक्षम हैं, जिससे पैरालीगल और प्रशासनिक सहायकों की जरूरत कम हो जाएगी.
- रिटेल और कस्टमर सर्विस: चैटबॉट्स और सेल्फ-चेकआउट स्टेश सेल्स और सपोर्ट स्टाफ की जगह ले रहे हैं.
2026 में उभरते हुए नए जॉब प्रोफाइल्स
एआई न केवल नौकरियां खत्म कर रहा है, बल्कि नई कैटेगरीज भी बना रहा है:
- डीप-लर्निंग और कंप्यूटर-विजन इंजीनियर: ये एक्सपर्ट Self-driving cars और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम के पीछे का ‘दिमाग’ तैयार करेंगे.
- एआई प्रोडक्ट मैनेजर: ये टेक्निकल संभावनाओं को मार्केट की जरूरतों के साथ जोड़कर एआई रोडमैप तैयार करेंगे.
- एआई इनेबल्ड सॉफ्टवेयर इंजीनियर: ये ऐसे कोड लिखेंगे जो एमएल (ML) मॉडल के साथ इंटीग्रेट होंगे और खुद ही बग्स (Bugs) को ठीक कर सकेंगे.
क्रिएटिव फील्ड्स में ‘एआई अपडेट’
ग्राफिक डिजाइन और कला के क्षेत्रों में एआई जनरेटेड टूल्स ने हलचल मचा दी है. अब डिजाइनर्स को केवल सुंदर चित्र बनाने के बजाय अपनी क्रिएटिविटी और कॉम्प्लेक्स प्रोजेक्ट्स पर ध्यान देना होगा, जिन्हें एआई कॉपी नहीं कर सकता. डेटा साइंटिस्ट भी अब स्टेबल डैशबोर्ड के बजाय रियल-टाइम प्रेडिक्टिव पाइपलाइन्स पर काम करेंगे, जो सीधे बिजनेस फैसलों को प्रभावित करेंगे.
सफलता का मंत्र: कैसे करें तैयारी?
अगर आप करियर में बदलाव के बारे में सोच रहे हैं तो एआई एक्सपर्ट जसप्रीत बिंद्रा का संदेश स्पष्ट है- केवल थ्योरी न पढ़ें, बल्कि रियल-वर्ल्ड एआई प्रोजेक्ट्स का पोर्टफोलियो बनाएं. एआई के कोड और बिजनेस- दोनों पक्षों को समझना जरूरी है. जो लोग डेटा से सही निर्णय निकाल सकेंगे, वही वर्क फोर्स के अगले चैप्टर का हिस्सा माने जाएंगे.

