Monday, June 1, 2026
HomeफूडAloo Pyaz Kulcha Recipe: घर पर बनाएं चांदनी चौक स्टाइल आलू प्याज...

Aloo Pyaz Kulcha Recipe: घर पर बनाएं चांदनी चौक स्टाइल आलू प्याज कुलचा, खुशबू से ही बढ़ जाएगी भूख, देखें रेसिपी


Aloo Pyaz Kulcha Recipe: दिल्ली का जिक्र आते ही चांदनी चौक की तंग गलियों का स्वाद और खुशबू याद आ जाती है. यहां की पराठे वाली गली सिर्फ पराठों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने फेमस आलू प्याज कुलचा के लिए भी मशहूर है. बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से मुलायम, मसालेदार आलू-प्याज की फिलिंग वाले ये कुल्चे गर्मागर्म मक्खन के साथ जब प्लेट में आते हैं तो भूख अपने आप बढ़ जाती है. अब आप इस फेमस स्ट्रीट फूड का स्वाद घर पर भी ले सकते हैं. आइए जानते हैं आसान और असली चांदनी चौक स्टाइल आलू प्याज कुलचा बनाने की रेसिपी.

कुलचा बनाने के लिए जरूरी सामग्री-

आटे के लिए:
मैदा – 2 कप
दही – 1/2 कप
बेकिंग पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा – 1/4 छोटा चम्मच
चीनी – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – 2 बड़े चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार

फिलिंग के लिए:
उबले आलू – 3 (मसले हुए)
प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
धनिया पत्ती – 2 बड़े चम्मच (कटी हुई)
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
गरम मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार

कुलचा बनाने की विधि-

आटा गूंथना
सबसे पहले मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, चीनी और नमक को मिलाएं. इसमें दही और तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें. इसे ढककर 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें ताकि आटा फूल जाए.

फिलिंग तैयार करना
एक बाउल में उबले आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ती, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अमचूर और नमक डालें. सबको अच्छी तरह मिलाकर तैयार कर लें.

कुलचा बेलना और भरना
आटे से एक लोई लें और बेलकर बीच में आलू-प्याज की फिलिंग भर दें. किनारों को बंद करके हल्के हाथों से बेलें, ध्यान रखें कि फिलिंग बाहर न निकले.

कुलचा सेंकना
तवा गरम करें, उस पर कुल्चा रखें और धीमी-मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें. चाहें तो ओवन या तंदूर में भी बेक कर सकते हैं.

मक्खन का टच
सिकने के बाद गरमागरम कुल्चे पर मक्खन लगाएं, जिससे खुशबू और स्वाद दोनों दोगुना हो जाएंगे.

सर्व करने का तरीका- इन कुल्चों को चने की सब्जी, दही या हरी चटनी के साथ परोसें. ऊपर से प्याज का सलाद और नींबू के टुकड़े रख दें. गर्मियों में ठंडी लस्सी के साथ यह कॉम्बिनेशन लाजवाब लगता है.

टिप्स-
-आटे में दही डालने से कुलचा ज्यादा मुलायम बनता है.
-फिलिंग में अदरक का बारीक कटा हुआ टुकड़ा डालकर स्वाद और बढ़ा सकते हैं.
-कुलचा बेलते समय हल्के हाथ का इस्तेमाल करें ताकि वह फूला-फूला बने.

चांदनी चौक का स्वाद अब आपको घर बैठे मिल सकता है. एक बार ये कुल्चे बनाकर देखिए, खुशबू से ही घर वाले किचन में आ जाएंगे और प्लेट साफ कर देंगे.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments