OnePlus का पिछले दिनों लॉन्च हुआ मिड बजट फोन Nord 6 अमेजन पर Out of Stock हो गया है। वनप्लस का यह फोन 9000mAh की दमदार बैटरी समेत कई तगड़े फीचर्स के साथ आता है। वनप्लस का यह फोन पिछले सप्ताह 24 अप्रैल को भारत में पहली बार सेल के लिए उपलब्ध कराया गया था। पहली सेल के बाद ही यह फोन अब अमेजन पर Sold Out हो गया है। कंपनी फोन की अगली सेल जल्द आयोजित करेगी। आखिर, वनप्लस के इस फोन में क्या खास है, जिसकी वजह से यूजर्स के बीच यह फोन लोकप्रिय हो गया है?
OnePlus Nord 6 में क्या है खास?
वनप्लस का यह मिड बजट फोन 9000mAh की दमदार बैटरी के साथ आता है। इस फोन के साथ 80W फास्ट चार्जिंग फीचर दिया गया है। चीनी कंपनी का यह पहला फोन है, जो इतनी बड़ी बैटरी के साथ भारत में लॉन्च हुआ है। इससे पहले कंपनी ने OnePlus 15R को 7,400mAh की बड़ी बैटरी के साथ लॉन्च किया गया था। बड़ी बैटरी की वजह से यह मिड बजट फोन सिंगल चार्ज में दो दिनों तक यूज किया जा सकता है।
वनप्लस नॉर्ड 6
OnePlus Nord 6 में इसके अलावा IP66+IP68+IP69+IP69K रेटिंग दी गई है, जिसकी वजह से यह फोन पानी में डूबने पर भी खराब नहीं होगा। साथ ही, फोन में Acqa टच डिस्प्ले दिया गया है, जिसकी वजह से गीले हाथों से भी फोन इस्तेमाल किया जा सकता है।
यह फोन 1.5K AMOLED डिस्प्ले के साथ आता है। इसका डिस्प्ले 165Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। साथ ही, इस फोन की पीक ब्राइटनेस 3600 निट्स की है। इसके अलावा फोन में क्रिस्टल गार्ड ग्लास दिया गया है।
यह फोन Qualcomm Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर पर काम करता है। इसमें 12GB रैम के साथ 256GB स्टोरेज मिलता है। यह Android 16 पर बेस्ड OxygenOS 16 पर काम करता है। फोन में डुअल 5G सिम कार्ड, WiFi, NFC, Bluetooth जैसी कनेक्टिविटी दी गई है।
OnePlus Nord 6 की कीमत
वनप्लस का यह मिड बजट फोन दो स्टोरेज वेरिएंट्स- 8GB RAM + 256GB और 12GB RAM + 256GB में आता है। इसकी शुरुआती कीमत 38,999 रुपये है। वहीं, टॉप वेरिएंट की कीमत 41,999 रुपये है।

