
हिना कमाल/
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद संत कबीर नगर की 32 नव चयनित मुख्य सेविकाओं को बुधवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।यह नियुक्ति पत्र लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वितरित किए गए जिसका सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया।
इस दौरान विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पारदर्शी प्रक्रिया से यह नियुक्तियां हुई हैं।उन्होंने कहा कि “आंगनबाड़ी बहनें कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं की देखभाल एक मां की तरह करती हैं, साथ ही शासन-प्रशासन द्वारा सौंपे गए अन्य कार्य भी जिम्मेदारी से निभाती हैं।धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान ने भी सभी चयनित मुख्य सेविकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्व का निर्वहन ईमानदारी और लगन से करें।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने कहा कि नवचयनित मुख्य सेविकाएं शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही सफलता की कुंजी है।कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा। चयनित मुख्य सेविकाओं ने भी सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और अपनी सेवाओं को पूरी निष्ठा के साथ देने का संकल्प लिया।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख हैसर बाजार कालिंदी चौहान, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह, सीडीपीओ गरिमा पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

