अम्बेडकरनगर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
लअकबरपुर नगरपालिका क्षेत्र में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। जलालपुर मार्ग स्थित आरएलवी भट्ठे के पास इंडिकेशन बोर्ड लगाने के लिए ठेकेदार ने जेसीबी से गड्ढा खोद डाला, जिससे पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप फटते ही पानी सड़क किनारे बहने लगा और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया।
घटना सम्मोपुर के निकट रविवार दोपहर की बताई जा रही है। करीब तीन हजार की आबादी इस पाइप लाइन से जुड़ी हुई है। पाइप टूटने के बाद कल विभाग ने पानी सप्लाई बंद तो कर दी, मगर 24 घंटे बीतने के बाद भी मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ। नलों से पानी न आने से लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना के बाद जलकल विभाग ने मौके का निरीक्षण किया। जूनियर इंजीनियर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि ठेकेदार ने नगर पालिका प्रशासन को बिना सूचित किए खुदाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाएगा और जल्द ही पाइप लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता से समस्या गंभीर हो गई है। यदि समय पर मरम्मत नहीं हुई तो पूरे क्षेत्र में जल संकट गहरा सकता है। लोगों ने तत्काल पाइपलाइन दुरुस्त कर पानी आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

