अररिया में बैरगाछी थाना पुलिस ने डीसीएम ट्रक से 4451.4 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने ट्रक में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शराब अलग-अलग ब्रांड और बैच की थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल डीसीएम ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग के डीसीएम ट्रक पर नीला तिरपाल लगा है और उसमें शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया। ओवरब्रिज के पास ट्रक की घेराबंदी पुलिस ने बैरगाछी ओवरब्रिज के पास एनएच-327 ई की दक्षिणी लेन पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान जोकीहाट की ओर से आ रहे ट्रक नंबर BR-01GB-7787 को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने रुकने के बजाय ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने सरकारी वाहन से घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। भागने की कोशिश में पकड़े गए दोनों युवक ट्रक रुकने के बाद उससे उतरकर भागने की कोशिश कर रहे दोनों युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। उनकी पहचान मोहम्मद इरफान (20), पिता लाल मोहम्मद, निवासी सुवधिया, थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर और रघुवीर (19), पिता विनोद राम, निवासी रामचंद्र चौक, वार्ड संख्या-09, थाना कुड़नी, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। ट्रक के डल्ले से मिली शराब की खेप पुलिस ने डीसीएम ट्रक के डल्ले की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग ब्रांड और बैच की 4451.4 लीटर विदेशी शराब मिली। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी इस मामले में बैरगाछी थाना कांड संख्या 140/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के साथ आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।
Source link

