अमन यादव | सांकरा(अतरौली ), अलीगढ़3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मृतक की फाइल फोटो।
अलीगढ़ के सांकरा-नानऊ मार्ग पर गांव नगला अटा के पास रविवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को दिल्ली के एम्स अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह हादसा तब हुआ जब 35 वर्षीय विनय कुमार (पुत्र भजनलाल, निवासी मोहल्ला शिवनगर, कस्बा दादों) अपने साथी दीपक (पुत्र शास्त्री, निवासी मोहल्ला राजनगर) के साथ कस्बा छर्रा से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मैक्स लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने टक्कर मारकर भाग रही मैक्स लोडर का पीछा कर उसे पकड़ लिया। परिजन घायलों को तुरंत अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने विनय को मृत घोषित कर दिया। दीपक की गंभीर हालत को देखते हुए सोमवार सुबह उसे दिल्ली के एम्स अस्पताल रेफर किया गया।
मृतक विनय सांकरा स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मैक्स वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने मृतक विनय के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

