आंदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन अलग-अलग आपराधिक मामलों में फरार चल रहे सात आरोपियों के घरों पर ढोल-नगाड़े के साथ इश्तेहार चिपकाए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा है। पहला मामला 31 मई 2026 के आंदर थाना कांड संख्या 179/26 से जुड़ा है। इसमें दहाबाड़ी के क्रांति यादव, मुकेश यादव, अस्मित यादव, अजीत मांझी और सोनवर्षा के मनीष यादव के खिलाफ इश्तेहार लगाए गए हैं। इन पर उत्पाद विभाग की टीम पर हमला करने का आरोप है। दूसरा मामला 17 जुलाई 2026 के आंदर थाना कांड संख्या 222/26 का है। इसमें खेड़ाय निवासी मुकेश चौरसिया उर्फ नेहर के खिलाफ इश्तेहार चिपकाया गया है। उस पर हत्या की धारा 103(1) बीएनएस लगाई गई है। तीसरा मामला 7 अक्टूबर 2026 के आंदर थाना कांड संख्या 190/26 से संबंधित है। इसमें फतेहपुर निवासी आशीष कुमार उर्फ भोलू के खिलाफ इश्तेहार चिपकाया गया है, जो लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े हैं। मौके पर आंदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार, असांव थानाध्यक्ष संतोष कुमार और एसआई टुनटुन कुमार समेत अन्य पुलिस बल मौजूद रहे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link

