तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरान ने कहा है कि मौजूदा हालात में होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा नहीं खोला जाएगा। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि सीजफायर के उल्लंघन के बीच यह संभव नहीं है।
गालिबाफ ने आरोप लगाया कि अमेरिकी नाकेबंदी ईरानी बंदरगाहों को निशाना बना रही है और यह वैश्विक अर्थव्यवस्था को बंधक बनाने जैसा है। उन्होंने कहा कि पूर्ण सीजफायर तभी संभव है, जब नाकेबंदी खत्म हो।
दूसरी तरफ अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बैठक होने की संभावना है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद दोनों देश जल्द बातचीत की टेबल पर लौट सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी कहा है कि यह बैठक जल्द होना संभव है।

तेहरान में मंगलवार को ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक बैनर लगा दिखा।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
तेल पर छूट बढ़ी: अमेरिका ने रूसी तेल की खरीद पर लगी पाबंदियों में दी गई छूट को 30 दिन के लिए बढ़ा दिया है। यह फैसला करीब 10 देशों की मांग पर लिया गया है, जो तेल की कमी का सामना कर सकते हैं।
ट्रम्प का एकतरफा सीजफायर: अमेरिका ने पाकिस्तान की अपील पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ाया गया। ट्रम्प ने कहा कि ईरान में इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है।
ईरान का सीजफायर से इनकार: ईरान ने किसी भी तरह के सीजफायर से इनकार किया है। मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाकर कालीबाफ ने कहा कि सीजफायर तभी संभव है जब नाकाबंदी हटाई जाए।
होर्मुज में जहाज जब्त: ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों को जब्त कर लिया और कहा कि इस रास्ते की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। इससे पहले इन पर गोलीबारी भी की गई।
20 हजार उड़ानें रद्द: यूरोप की सबसे बड़ी एयरलाइन लुफ्थांसा ने ईरान युद्ध के बाद बढ़ी ईंधन कीमतों के चलते 20 हजार उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है।
लाइव अपडेट्स
13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
तुर्किये बोला- ईरान जंग का असर यूरोप पर

तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन (फाइल फोटो)
तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टर स्टाइनमायर से बातचीत में कहा कि ईरान का युद्ध अब सिर्फ मिडिल इस्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका असर यूरोप तक पहुंच रहा है।
एर्दोगन ने कहा कि इस युद्ध के कारण क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है और इसका असर अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सप्लाई और सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। यूरोप पहले से ही ऊर्जा संकट और महंगाई जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, ऐसे में यह संघर्ष हालात को और बिगाड़ सकता है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर इस स्थिति को जल्द ही शांति के नजरिए से नहीं संभाला गया, तो इसका नुकसान और ज्यादा गंभीर हो सकता है और लंबे समय तक असर दिखेगा।
27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरान वैज्ञानिक संस्थानों पर हमलों को लेकर कानूनी कार्रवाई करेगा

ईरान में क्षतिग्रस्त इमारतों के सामने खड़े लोग। (फाइल फोटो)
ईरान ने कहा है कि वह अपने वैज्ञानिक संस्थानों पर हुए अमेरिका-इजराइल के हमलों का रिकॉर्ड तैयार कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
मेहर समाचार एजेंसी के मुताबिक, तेहरान में शाहिद बेहेश्ती विश्वविद्यालय के दौरे के दौरान विज्ञान और तकनीक के उपराष्ट्रपति हुसैन अफशिन ने बताया कि यह काम राष्ट्रपति कार्यालय के कानूनी विभाग के जरिए किया जा रहा है।
ईरान सरकार के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से 20 से ज्यादा विश्वविद्यालय हमलों में नुकसान झेल चुके हैं। साथ ही कई शिक्षकों और शोधकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया है, जिसे ईरान अपने वैज्ञानिक और सांस्कृतिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश बता रहा है।
अफशिन ने कहा कि विश्वविद्यालयों और वैज्ञानिक ढांचे पर हमले सिर्फ इमारतों का नुकसान नहीं हैं, बल्कि यह ज्ञान बनाने की प्रक्रिया, कुशल लोगों की तैयारी और देश के भविष्य पर हमला है।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान सभी जरूरी सबूत, विशेषज्ञों की रिपोर्ट और जमीनी जानकारी इकट्ठा कर रहा है, ताकि इन्हें अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सामने पेश किया जा सके।
40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका में 20 दिन में नेवी और आर्मी के दो टॉप अफसर हटाए गए

अमेरिका के नेवी सेक्रेटरी जॉन फेलन। उनके पीछे विदेश मंत्री मार्क रूबियो और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प खड़े हैं।
अमेरिका में नौसेना सेक्रेटरी जॉन फेलन को बर्खास्त कर दिया गया है। पेंटागन की तरफ से छोटा सा बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई, लेकिन हटाए जाने की स्पष्ट वजह नहीं बताई गई।
हालांकि सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से फेलन और पेंटागन के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार मतभेद चल रहे थे। खासकर नौसेना के जहाज निर्माण कार्यक्रम, काम करने के तरीके और नेतृत्व को लेकर उनके और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के बीच टकराव बढ़ता जा रहा था।
यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब अमेरिका ईरान के खिलाफ सख्त रणनीति पर काम कर रहा है। युद्धविराम की बात होने के बावजूद अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखी है और नौसेना इस पूरे ऑपरेशन में अहम भूमिका निभा रही है। ऐसे में शीर्ष स्तर पर यह बदलाव और भी ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पिछले एक महीने में यह दूसरा बड़ा सैन्य बदलाव है। इससे पहले 2 अप्रैल को रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को भी पद से हटा दिया था। लगातार हो रहे इन फैसलों से साफ संकेत मिलता है कि पेंटागन के अंदर नेतृत्व को लेकर बड़े स्तर पर बदलाव और सख्ती चल रही है।
55 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरान जंग की योजना तीन राष्ट्रपतियों ने ठुकराई

अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी। वे ओबामा के दूसरे कार्यकाल (2013-17) में इस पद पर रहे।
अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी ने दावा किया है कि बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ युद्ध की जो योजना अमेरिका को दी थी, उसे तीन अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने ठुकरा दिया था, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उसे मंजूरी दे दी।
एक टीवी शो में केरी ने बराक ओबामा, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और जो बाइडेन का नाम लिया जिसे नेतन्याहू अपनी प्लानिंग बता चुके थे। केरी ने यह भी कहा कि इस युद्ध के असली मकसद के बारे में गलत जानकारी दी गई।
पुराने युद्धों का जिक्र करते हुए केरी ने वियतनाम युद्ध और इराक युद्ध से सबक लेने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए और युद्ध की भारी कीमत होती है।
03:14 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पनामा ने होर्मुज में जहाज कब्जे का विरोध जताया
पनामा ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे अपने झंडे वाले जहाज को गैरकानूनी तरीके से कब्जे में लेने की निंदा की है।
पनामा के विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि इटली की कंपनी MSC फ्रांसिस्का का यह जहाज बुधवार को जबरन ईरानी इलाके में ले जाया गया। पनामा ने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया।
बयान में कहा गया कि यह कदम समुद्री सुरक्षा पर गंभीर हमला है और हालात को बेवजह और ज्यादा तनावपूर्ण बनाता है।
पनामा दुनिया के सबसे बड़े शिप रजिस्ट्रेशन देशों में से एक है। 2024 के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के करीब 16% जहाज पनामा के झंडे के तहत चलते हैं।
03:03 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने ईरानी झंडे वाले 3 जहाजों को रोका
अमेरिकी सेना ने एशियाई समुद्री इलाके में ईरान के झंडे वाले कम से कम तीन तेल टैंकरों को रोक लिया है। रायटर्स के मुताबिक उन्हें भारत, मलेशिया और श्रीलंका के पास से रास्ता बदलकर दूसरी तरफ भेजा जा रहा है।
अमेरिका ने ईरान के समुद्री व्यापार पर नाकाबंदी लगा रखी है, वहीं ईरान भी जहाजों पर फायरिंग कर रहा है ताकि वे होर्मुज स्ट्रेट होकर न गुजर सकें, जो खाड़ी क्षेत्र का अहम रास्ता है।
02:47 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट: ट्रम्प सरकार ने NATO देशों की अच्छी-बुरी लिस्ट बनाई
पोलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प सरकार ने NATO देशों की एक ‘अच्छी और बुरी’ लिस्ट बनाई है। इसमें देशों को इस हिसाब से बांटा गया है कि किसने ईरान जंग में अमेरिका का साथ दिया और किसने नहीं।
यह जानकारी एक यूरोपीय राजनयिक और कुछ अधिकारियों के इनपुट के हवाले से दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक यह लिस्ट NATO चीफ मार्क रूट के इस महीने अमेरिका दौरे से पहले तैयार की गई थी।
एक यूरोपीय राजनयिक के मुताबिक यह आइडिया पहले रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दिया था। उन्होंने कहा था कि जो देश अमेरिका की मदद में पीछे रहेंगे उन्हें नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।
इस लिस्ट के आधार पर अमेरिका कुछ कड़े कदम भी उठा सकता है, जैसे किसी देश से अपने सैनिक हटा लेना या उसे अमेरिकी रक्षा तकनीक की बिक्री रोक देना।
व्हाइट हाउस ने इस लिस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक ज्यादातर देशों को बुरी लिस्ट में रखा गया है।
पोलैंड और रोमानिया को अच्छी लिस्ट में रखा गया है। पोलैंड ने रक्षा में ज्यादा योगदान दिया है, जबकि रोमानिया ने ईरान से जुड़े ऑपरेशन के लिए अपने एयरबेस अमेरिकी सेना को इस्तेमाल करने दिए।

राष्ट्रपति ट्रम्प व्हाइट हाउस में बुधवार को एक कार्यक्रम में शामिल हुए।
02:35 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सीनेट में ट्रम्प की ताकत कम करने वाला प्रस्ताव खारिज
अमेरिकी सीनेट ने फिर से ट्रम्प की युद्ध करने की ताकत को कम करने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। ईरान के खिलाफ ट्रम्प की कार्रवाई को रोकने के लिए लाई गई वार पावर्स रिजोल्यूशन पर पांचवीं बार वोटिंग हुई, लेकिन यह पास नहीं हो पाया।
इसके खिलाफ 51 वोट पड़े, जबकि समर्थन में 46 वोट मिले। सीनेट के शीर्ष डेमोक्रेट नेता चक शूमर ने कहा कि यह वोटिंग रिपब्लिकन सांसदों के लिए पांचवां मौका था कि वे इसे रोक सकें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
02:19 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तेल की कीमतों में 4% इजाफा
तेल की कीमतों में गुरुवार को करीब 4% की तेजी आई है। दरअसल, ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी जारी रहेगी, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोला जाएगा।
अमेरिकी बेंचमार्क तेल वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) गुरुवार सुबह 4.06% बढ़कर 96.73 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 3.62% बढ़कर 105.63 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
02:06 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने अब तक 31 जहाजों को लौटाया
अमेरिका ने ईरान के 31 जहाजों को अब तक वापस मुड़ने या पोर्ट लौटने का आदेश दिया है। यूएस सेंट्रल कमांड के मुताबिक यह कार्रवाई उन जहाजों पर लागू हुई जो ईरानी पोर्ट्स में घुसने या निकलने की कोशिश कर रहे थे।
अमेरिका ने ओमान सागर और आसपास के इलाकों में औपचारिक नौसैनिक नाकेबंदी 13 अप्रैल 2026 से शुरू की थी।
इसका मकसद ईरान से जुड़े समुद्री व्यापार को रोकना है। यानी जो जहाज ईरान जा रहे हैं या वहां से निकल रहे हैं, उन्हें रोका या चेक किया जा रहा है। हालांकि खाने-पीने और दवाइयों जैसी जरूरी चीजों को जांच के बाद जाने की इजाजत दी जा सकती है।
यह नाकेबंदी ओमान सागर, अरब सागर और होर्मुज स्ट्रेट इलाके में लागू है, जो दुनिया के तेल सप्लाई के लिए बहुत अहम रास्ता है।
इसको लागू करने के लिए अमेरिका ने बड़ी सैन्य ताकत तैनात की है, जिसमें हजारों सैनिक, कई युद्धपोत और विमान शामिल हैं।
01:50 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी राष्ट्रपति बोले- धमकियां बातचीत में रुकावट बन रहीं
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने मंगलवार को कहा कि ईरान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उनके विरोधी धमकियों और आक्रामक कदमों के जरिए बातचीत को कमजोर कर रहे हैं।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरान ने हमेशा बातचीत और समझौते का स्वागत किया है और आगे भी करता रहेगा। लेकिन उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बुरी नीयत, घेराबंदी और धमकियां ही सार्थक बातचीत में सबसे बड़ी रुकावट हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि विरोधी पक्ष की बातों और कामों में फर्क है। उनके मुताबिक दुनिया दिखावटी और खोखली बातों को देख रही है, जिससे भरोसा कमजोर होता है।
01:41 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तेहरान में बुधवार रात धमाकों की खबर
तेहरान में धमाकों की खबरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि एक मिनट से भी कम समय में करीब 5 धमाके सुने गए।
हालांकि अभी तक इन धमाकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ये एयर डिफेंस ड्रिल (मिलिट्री अभ्यास) भी हो सकता है, न कि कोई असली हमला।
01:38 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- शुक्रवार तक अच्छी खबर आएगी

राष्ट्रपति ट्रम्प व्हाइट हाउस में बुधवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए।
ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर के संबंध में अच्छी खबर शुक्रवार तक आ सकती है। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प ने एक मैसेज में कहा कि यह संभव है।
वहीं, पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी संकेत दिया है कि ईरान के साथ अगले 36 से 72 घंटों के भीतर नई बातचीत शुरू हो सकती है।
हालांकि, ईरान का कहना है कि उसने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह अमेरिका के साथ नये दौर की वार्ता में शामिल होगा या नहीं।
01:24 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने जहाजों को कब्जे में लेने का वीडियो जारी किया
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में कंटेनर जहाजों को कब्जे में लेने का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में ईरानी सैनिक जहाजों पर चढ़ते हुए और उन्हें अपने नियंत्रण में लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने बुधवार को दो कंटेनर जहाजों को जब्त किया था, जिनमें MSC फ्रांसेस्का और एपामिनोंडस शामिल हैं। ये दोनों लाइबेरिया के रजिस्टर्ड जहाज हैं।
01:15 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
व्हाइट हाउस बोला- मिडिल ईस्ट जंग की टाइमलाइन ट्रम्प तय करेंगे

व्हाइट हाउस में प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने बुधवार को मीडिया के सवालों का जवाब दिया।
व्हाइट हाउस ने कहा है कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध कितने समय तक चलेगा, इसका फैसला ट्रम्प करेंगे। यह पूरी तरह राष्ट्रीय हितों के आधार पर लिया जाएगा।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने प्रेस ब्रीफिंग में साफ किया कि फिलहाल इस संघर्ष की कोई तय टाइमलाइन नहीं है।
लेविट ने कहा कि जमीनी हालात लगातार बदल रहे हैं, इसलिए अभी यह तय नहीं किया जा सकता कि युद्ध कब तक चलेगा। इसी वजह से समयसीमा तय करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है।
01:01 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने रूसी तेल की खरीद पर छूट को 30 दिन बढ़ाया
अमेरिका ने रूस के तेल की खरीद पर लगी पाबंदियों में दी गई छूट को 30 दिन के लिए बढ़ा दिया है। यह फैसला करीब 10 देशों की मांग पर लिया गया है, जो तेल की कमी का सामना कर सकते हैं।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के अनुसार, IMF और वर्ल्ड बैंक की बैठकों के दौरान इन देशों ने इस छूट को बढ़ाने की मांग की थी।
होर्मुज स्ट्रेट में तनाव के चलते कई देशों को तेल सप्लाई प्रभावित होने का खतरा है, इसलिए यह फैसला लिया गया।
01:00 AM23 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
व्हाइट हाउस बोला- ईरान पर अमेरिकी रणनीति से ट्रम्प संतुष्ट

प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने व्हाइट हाउस में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ईरान के खिलाफ मौजूदा रणनीति से संतुष्ट नजर आ रहे हैं। व्हाइट हाउस ने बताया कि अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी जारी रहेगी और सीजफायर के लिए कोई तय समयसीमा नहीं रखी गई है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रम्प इस स्थिति से संतुष्ट हैं और अभी जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला लेने की जरूरत नहीं समझते। उन्होंने कहा कि हालात के मुताबिके आगे के फैसले लिए जाएंगे। ……………………………


