उदयपुर में एक वकील को जान से मारने की धमकी देने के मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं करने से नाराज वकील थाने में धरने पर बैठ गए। आक्रोशित वकील रविवार दोपहर को सवीना थाने के सीआई दलबीर सिंह के खिलाफ नाराजगी जताते हुए उन्हें हटाने की मांग पर अड़ गए। वकीलों का आरोप था कि साथी वकील राजेश जाजोदिया रविवार दोपहर को शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो आरोपी कौशल आमेटा भी थाने पहुंचा। वहीं पुलिस के सामने ही वकील को जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। माहौल गर्माया तो एडिशनल एसपी उमेश ओझा, डीएसपी छवि शर्मा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और वकीलों से समझाइश का प्रयास किया। करीब 3 घंटे बाद रात करीब 9 बजे मामला शांत हुआ। सीआई की लापरवाही से पनप रहे भूमाफिया: चेतनपुरी गोस्वामी वकीलों ने एएसपी उमेश ओझा को सीआई दलबीर के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए उन्हें हटाने की मांग की। मामले में एएसपी ओझा ने बताया कि वे इसे एसपी डॉ अमृता दुहन के समक्ष रखेंगे और एसपी स्तर से ही मामले में संज्ञान लिया जाएगा। पूर्व महासचिव चेतनपुरी गोस्वामी ने बताया- मामला साथी वकील राजेश जाजोदिया के रिश्तेदार गोविंद नगर में देवेन्द्र अग्रवाल के प्लॉट से जुड़ा है। आरोपी कौशल आमेटा प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। प्लॉट मालिक प्लॉट की रविवार को सफाई कर रहे थे। तब आरोपी आमेटा ने वकील और प्लॉट मालिक पर पथराव किया। वकील ने इसकी रिपोर्ट थाने में दी तो कोई सुनवाई नहीं हुई। सीआई की लापरवाही से भूमाफिया पनप रहे हैं। सीआई को लाइन हाजिर किया जाए और थाने से हटाया जाए। सीआई बोले- पुलिस ने शिकायत मिलते ही शुरू कर दी थी कार्रवाई थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया- गोविंद नगर स्थित प्लॉट पर शनिवार को तोड़फोड़ हुई थी। इस संबंध में थाने में वकील राजेश जाजोदिया और कौशल आमेटा दोनों ने परिवाद दिया। दोनों में थाने में बहस हो गई थी। हम कौशल आमेटा को पकड़ने का लगातार प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सभी वकील आज थाने आ गए और आमेटा को पकड़ने की मांग करने लगे। इससे पहले विवादित प्लॉट पर दोनों पक्षों में पथराव हो गया था। मैं सूचना पर मौके पर पहुंचा। देखा तो कौशल आमेटा घायल पड़ा था। एक वकील को भी चोट लगी है। जिन्हें तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
Source link

