Monday, May 18, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशउन्नाव में बिजली लाइन से आग, तीन घर जले: परिवारों का...

उन्नाव में बिजली लाइन से आग, तीन घर जले: परिवारों का अनाज, घरेलू सामान राख; खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर – Unnao News


उन्नाव5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उन्नाव के सदर तहसील क्षेत्र के बिछिया ब्लॉक अंतर्गत पड़री कला गांव के मजरे घना खेड़ा में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गिरने से निकली चिंगारी के कारण एक ही परिवार के तीन घर जलकर राख हो गए। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण रातभर आग बुझाने में जुटे रहे।

जानकारी के अनुसार, घना खेड़ा निवासी राजेश रावत, पप्पू और बब्लू के मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन में अचानक फॉल्ट हो गया। देर रात लाइन से निकली चिंगारी सीधे घरों पर जा गिरी, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीनों घर उसकी चपेट में आ गए।

ग्रामीणों ने शोर मचाकर परिवार के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बाल्टी और पाइप के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

पीड़ित परिवारों के अनुसार, आग में लगभग 30 कुंतल गेहूं, 10 कुंतल धान और 10 कुंतल सरसों जल गई। इसके अतिरिक्त, घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि वे खेती-किसानी कर अपना जीवन यापन करते हैं और घर में रखा अनाज ही उनकी सालभर की पूंजी था। इस अचानक हुए हादसे से उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद तीनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय राजस्व टीम और विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जर्जर बिजली लाइनें लंबे समय से हादसे को न्योता दे रही हैं। लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब इस घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments