Last Updated:
जमशेदपुर के जिला मुख्यालय के पास वीरेंद्र जी अपनी खस्ता कचौड़ी और मसालेदार चाट की दुकान लगाते हैं. वे हमेशा फॉर्मल कपड़ों में रहते हैं इसलिए लोग उन्हें ‘ऑफिसर चाट वाला’ कहते हैं. चाट की कीमत मात्र ₹30 प्लेट हैं. जिसका स्वाद लोगों को काफी पसंद आता है.
जमशेदपुरः पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय के ठीक समीप सुबह 10:00 बजे से वीरेंद्र जी अपनी खस्ता कचौड़ी और मसालेदार चाट की दुकान लगाते हैं. लोग इन्हें प्यार से ‘ऑफिसर चाट वाला’ के नाम से भी बुलाते हैं. इसकी एक खास वजह यह है कि इनकी दुकान जिला मुख्यालय के ठीक बगल में लगती है. वहीं, वीरेंद्र जी हमेशा फॉर्मल कपड़ों में साफ-सुथरे अंदाज में नजर आते हैं और ग्राहकों से भी बेहद सॉफ्ट व्यवहार से बात करते हैं. यही वजह है कि उनकी दुकान पर दूर-दूर से लोग चाट खाने पहुंचते हैं.
वीरेंद्र जी की खासियत उनकी मसालेदार चाट है. यहां महज ₹30 में एक प्लेट पापड़ी चाट मिलती है. इसमें खस्ता पापड़ी के साथ गरमा-गरम मटर, खास मसाले और चटनी डालकर चाट तैयार की जाती है. गर्म मटर और मसालों का स्वाद पापड़ी के साथ मिलकर चाट को और भी स्वादिष्ट बना देता है. कम कीमत में भरपेट और स्वादिष्ट चाट मिलने के कारण यहां हर दिन ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिलती है.
दुकान पर आने वाले ग्राहकों में जिला मुख्यालय और आसपास के कार्यालयों में काम करने वाले लोग भी शामिल हैं. कई लोग अपने काम के बीच यहां चाट खाने पहुंचते हैं, तो कुछ ऐसे ग्राहक भी हैं जो लंबे समय से वीरेंद्र जी की दुकान पर आते रहे हैं. उनकी साफ-सफाई और ग्राहकों से बातचीत करने का तरीका भी लोगों को काफी पसंद आता है.
चाट का स्वाद काफी बेहतरीन
चाट खाने पहुंचे राहुल बताते हैं कि यहां की चाट का स्वाद काफी बेहतरीन है. वह कहते हैं कि ₹30 में मिलने वाली यह चाट स्वाद और कीमत दोनों के लिहाज से काफी अच्छी है. वहीं निधि बताती हैं कि जब भी वह इस रास्ते से गुजरती हैं, तो यहां चाट जरूर खाती हैं. उनका कहना है कि वह और उनके परिवार के लोग कई सालों से यहां चाट का स्वाद लेते आ रहे हैं.
वीरेंद्र जी की दुकान की खास बात यह है कि यहां कोई बड़ा रेस्टोरेंट या भव्य सेटअप नहीं है, लेकिन स्वाद, साफ-सफाई और व्यवहार ने उनकी अलग पहचान बना दी है. जिला मुख्यालय के पास होने के कारण यहां आने वाले कई लोग उन्हें पहचानते हैं और प्यार से ऑफिसर चाट वाला. कहकर बुलाते हैं.
अगर आप भी जिला मुख्यालय के आसपास से गुजर रहे हैं और कुछ चटपटा खाने का मन है, तो महज ₹30 में मिलने वाली वीरेंद्र जी की गरमा-गरम मसालेदार चाट का स्वाद ले सकते हैं. खस्ता पापड़ी, गर्म मटर और मसाले का यह स्वाद लोगों को बार-बार यहां खींच लाता है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें

