Last Updated:
Katihar Makhana Sweets: बिहार का मखाना अब सिर्फ खीर या दूसरे पारंपरिक व्यंजनों तक सीमित नहीं रहने वाला है. इसकी मिठास और पौष्टिकता को नए अंदाज में लोगों तक पहुंचाने की पहल कटिहार में शुरू हुई है. यहां मखाना से कलाकंद, बर्फी, पेड़ा, गजक, ठेकुआ और सत्तू जैसे कई मिठाई तैयार किए जा रहे हैं. खास बात यह है कि इन उत्पादों को बनाने में स्थानीय महिलाओं की भागीदारी भी है. कटिहार के सुमित सहगल अपनी कंपनी जेटा लेक ऑर्गेनाइजेशन के माध्यम से मखाना के वैल्यू एडिशन की दिशा में काम कर रहे हैं.
इस पहल की शुरुआत मखाना जलेबी बनाने से हुई थी. सुमित बताते हैं कि उनकी कम्पनी द्वारा पहली बार कटिहार में मखाना जलेबी तैयार की गई थी. इसके बाद मखाना की मिठाइयां बनाने की दिशा में काम शुरू हुआ. अब उनकी टीम मखाना से कई तरह के पारंपरिक और नए स्वाद वाले प्रोडक्ट तैयार कर रही है. इस काम में आत्मा (ATMA) और कृषि विभाग के अधिकारियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग मिल रहा है.
जेटा लेक ऑर्गेनाइजेशन की ओर से तैयार किए जा रहे उत्पादों में मखाना बर्फी, कलाकंद, ठेकुआ, गजक और पेड़ा शामिल हैं. इसके अलावा मखाना और चने से पौष्टिक सत्तू भी तैयार किया जा रहा है. वहीं, मखाना कलाकंद में स्वाद और हल्का खट्टापन लाने के लिए दही का इस्तेमाल किया जाता है.
इन उत्पादों को तैयार करने में शुद्ध सामग्री और पारंपरिक मिठाई बनाने की विधि का ध्यान रखा जाता है. मखाना बर्फी में शुद्ध घी और मखाना का इस्तेमाल किया जाता है. उनका उद्देश्य लोगों को मखाना से बनने वाली मिठाइयों का नया स्वाद चखाना है, ताकि बाजार में इसकी अलग पहचान बन सके.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस पहल की एक खास बात यह भी है कि इसके पीछे किसानों और महिलाओं की भागीदारी है. सुमित का कहना है कि उनका एफपीओ यानी किसान उत्पादक संगठन 500 से अधिक लोगों से जुड़ा है. वहीं, मखाना से मिठाइयां और दूसरे प्रोडक्ट तैयार करने के काम में करीब 50 महिलाएं शामिल हैं. ये सभी कटिहार की रहने वाली हैं. इस तरह मखाना का वैल्यू एडिशन स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा कर रहा है.
मखाना बर्फी की कीमत 800 रुपये प्रति किलो रखी गई है. मखाना ठेकुआ 1000 रुपये प्रति किलो, जबकि मखाना कलाकंद 900 से 1000 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है. मखाना पेड़ा की कीमत करीब 180 से 200 रुपये रखी गई है. वहीं, 100 ग्राम मखाना सत्तू की कीमत 70 से 100 रुपये के बीच है.
सुमित का कहना है कि फिलहाल उनका मकसद ज्यादा मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि लोगों को मखाना से तैयार इन नए उत्पादों का स्वाद चखाना और बाजार में इनकी पहचान बनाना है. फिलहाल जेटा लेक ऑर्गेनाइजेशन इन उत्पादों के विस्तार और मार्केटिंग पर काम कर रहा है. सुमित का कहना है कि कंपनी जल्द ही अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री शुरू करने की तैयारी में है. उनकी कोशिश है कि अगले महीने तक ऑनलाइन बिक्री की व्यवस्था शुरू कर दी जाए.

