जहानाबाद के हुलासगंज थाना क्षेत्र के ढोंगरा गांव के बधार में शुक्रवार को धान के खेत से 25 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान निर्माणी मठ निवासी श्रवण यादव के रूप में हुई है। उसके शरीर पर कई जगह कटने के निशान मिले हैं। परिजनों ने धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक, श्रवण यादव गुरुवार सुबह घर से धान की फसल देखने के लिए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुक्रवार को कुछ ग्रामीण धान काटने के लिए बधार पहुंचे तो खेत में युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। मछली मारने के जाल को लेकर विवाद मृतक के भाई कुंदन कुमार ने रुस्तमपुर गांव के कुछ लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपित लोग खेत के आसपास मछली मारने के लिए जाल लगाते थे। इससे धान की फसल को नुकसान पहुंच रहा था। श्रवण इसका विरोध करता था और कई बार जाल उखाड़कर फेंक देता था। विरोध करने पर धमकी देने का आरोप कुंदन कुमार के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने श्रवण को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद में उसकी हत्या की गई है। हालांकि, इस आरोप की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम के बाद जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलने पर हुलासगंज थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष अरविंद किशोर ने बताया कि युवक के शरीर पर कई जगह कटने के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम कराया गया है और पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई थानाध्यक्ष के मुताबिक, फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है। आवेदन मिलने के बाद नामजद आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link

