कैमूर में दुर्गावती थाना पुलिस ने डहला मोड़ के पास 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। मामले में एक वृद्ध को गिरफ्तार किया गया है। मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता में बताया कि जब्त पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 40 से 45 लाख रुपए है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगा रही है। डीएसपी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि डहला मोड़ के पास एक वृद्ध व्यक्ति मादक पदार्थ बेच रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने एनएच-19 किनारे एक चाय दुकान के पास घेराबंदी की। झोले की तलाशी में मिला पदार्थ पुलिस के मुताबिक, लाल कपड़े पहने और सफेद झोला लिए एक व्यक्ति वहां बैठा था। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में झोले की तलाशी ली गई। उसमें काली प्लास्टिक पॉलीथीन से 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ मिला। भभुआ के महेसुआ गांव का निवासी गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुराहु प्रजापति के रूप में हुई है। वह भभुआ थाना क्षेत्र के महेसुआ गांव का निवासी है और फिलहाल भभुआ के वार्ड नंबर 20 स्थित अहिरान मोहल्ले में रहता है। उसके पिता का नाम गोपी प्रजापति है। NDPS एक्ट में दर्ज हुआ केस डीएसपी गोपाल कृष्णा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुर्गावती थाना कांड संख्या 505/26 दर्ज किया गया है। इसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C)/21(c) लगाई गई है। आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, हालांकि उसके बारे में पहले भी सूचनाएं मिली थीं। सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब यह पता लगा रही है कि बरामद पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक होनी थी। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है।
Source link

