औरंगाबाद में विश्व प्रसिद्ध देव कार्तिक छठ मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने 35 निःशुल्क बसों का परिचालन शुरू किया है। ये बसें तीन प्रमुख मार्गों पर दिन और रात दोनों समय चलेंगी। शुक्रवार को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इसके अलावा चांदपुर से गोदाम तक 30 निःशुल्क ऑटो और ई-रिक्शा भी चलाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को आने-जाने की सुविधा देने के साथ निजी वाहनों की भीड़ कम करना और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना है। इस व्यवस्था से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को खास सहूलियत मिलेगी। तीन मार्गों पर दिन-रात चलेंगी बसें बस सेवा शुरू करने के कार्यक्रम में मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और रमा निषाद के साथ विधान परिषद सदस्य दिलीप सिंह, जीवन राम, औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, रफीगंज विधायक प्रमोद सिंह, ओबरा विधायक प्रकाश चंद्र, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने तीन प्रमुख मार्गों पर बसों के परिचालन का रूट तय किया है। इसके तहत देव मोड़ से देव प्रखंड तक दिन में 13 और रात में 8 बसें चलेंगी। माले नगर से बहुआरा मोड़ तक दिन में 4 और रात में 3 बसें उपलब्ध रहेंगी। वहीं, विशुनपुर प्राथमिक विद्यालय से कन्हैया मोड़ तक दिन में 4 और रात में 3 बसों का परिचालन होगा। इन तीनों मार्गों पर कुल 35 बसें श्रद्धालुओं को मुफ्त सेवा देंगी। बसों का परिचालन दिन और रात दोनों समय होने से अलग-अलग समय पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। 30 ऑटो और ई-रिक्शा भी मुफ्त चलेंगे बसों के अलावा प्रशासन ने चांदपुर से गोदाम तक 30 निःशुल्क ऑटो और ई-रिक्शा की व्यवस्था की है। इससे बस से उतरने के बाद श्रद्धालु आगे की दूरी भी आसानी से तय कर सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि निर्धारित मार्गों पर परिवहन की सुविधा उपलब्ध रहे और मेला क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम हो। निजी ऑटो का किराया तय, वाहनों पर चिपकाई सूची निशुल्क परिवहन सेवा के साथ जिला प्रशासन ने निजी ऑटो के किराये की अधिकतम दर भी निर्धारित की है। निजी ऑटो संचालक तय दर के अनुसार ही यात्रियों से किराया ले सकेंगे। यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक पैसे नहीं वसूले जाएं, इसके लिए सभी संबंधित वाहनों पर किराया सूची चिपकाई गई है। इसके अलावा मेला क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाकर भी किराये की जानकारी दी जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने से पहले किराये का पता चल सकेगा और मनमाना किराया वसूलने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए तैयारी देव कार्तिक छठ मेले में हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आवागमन और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया है। 35 मुफ्त बसों, 30 ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन के साथ निजी ऑटो का किराया तय करने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिले तथा मेला क्षेत्र में भीड़ और जाम की स्थिति नियंत्रित रहे।
Source link

