Tuesday, May 12, 2026
Homeराज्यबिहारऔरंगाबाद में डीएम के आदेश की उड़ रही धज्जियां: रामाबांध बस...

औरंगाबाद में डीएम के आदेश की उड़ रही धज्जियां: रामाबांध बस स्टैंड के पास सड़क पर लग रही यात्री बसें, जाम से लोग परेशान – Aurangabad (Bihar) News




औरंगाबाद शहर को जाममुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अवहेलना से आम लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शहर के रामाबांध स्थित बस स्टैंड के पास एनएच-139 पर यात्री बसों की अवैध पार्किंग के कारण प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांच दिन पहले जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने संयुक्त रूप से रामाबांध बस स्टैंड का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया था कि बस स्टैंड के सामने एनएच-139 पर कोई भी बस या भारी वाहन खड़ा नहीं होगा। सभी यात्री बसों का परिचालन बस स्टैंड परिसर से ही सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बावजूद आदेशों की अनदेखी करते हुए सड़क किनारे बसें खड़ी कर यात्रियों को बैठाया जा रहा है। एनएच 139 पर बस खड़ा कर सवारी बैठा रहे बस संचालक स्थिति यह है कि कई यात्री बसें घंटों तक सवारियों के इंतजार में सड़क पर ही खड़ी रहती है। इसके कारण रामाबांध से लेकर ओवरब्रिज तक लंबा जाम लग जाता है। खासकर औरंगाबाद से अंबा की ओर जाने वाले और वहां से शहर आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों में प्रशासन और बस संचालकों के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। बसों के अवैध पार्किंग के कारण रामाबांध बस स्टैंड से लेकर ओवर ब्रिज और महाराजगंज रोड तक जाम की स्थिति बनी रहती है। यात्री घंटों जाम में फंसे रहते हैं। स्थानीय वरुण कुमार सिंह उर्फ जब्बर सिंह ने बताया कि बस स्टैंड के पास ही उनका दुकान है। घर से दुकान तक पहुंचने में भी काफी परेशानी होती है। कभी-कभी तो सड़क जाम के कारण महज 500 मीटर की दूरी तय करने में आधा घंटा या उससे अधिक समय लग जाता है। जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। सख्त कार्रवाई कर दिया गया था निर्देश निरीक्षण के दौरान डीएम ने बस स्टैंड परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया था। उन्होंने कहा था कि बस स्टैंड को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया था। जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी को भी निर्देश दिया था कि राष्ट्रीय उच्च पथ-139 के किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा जुर्माना लगाया जाए। इसके अलावा पुराने और अनुपयोगी वाहनों के निबंधन निरस्तीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया था। प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया था कि सड़क किनारे बस खड़ी कर सवारी बैठाने की प्रवृत्ति पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी, ताकि शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। शहर को जाम मुक्त करने के लिए लाया जा रहा है विशेष अभियान डीएम-एसपी ने निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और औरंगाबाद शहर को जाममुक्त करने के लिए समुचित कार्य योजना तैयार करने की बात कही थी। प्रशासन ने यह भी कहा था कि लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। प्रशासनिक आदेशों के बावजूद बस संचालकों की मनमानी जारी है और सड़क किनारे बसों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना जाम और अव्यवस्था से जूझना पड़ रहा है। यात्रियों के लिए व्यवस्था की जा रही है वहीं, इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि बस स्टैंड अभी फंक्शनल नहीं है। बस स्टैंड में यात्रियों के लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही आदेश का अनुपालन किया जाएगा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments