Tuesday, May 12, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशखुले गैस चैंबर में गिरने से युवक की मौत: फिरोजाबाद में...

खुले गैस चैंबर में गिरने से युवक की मौत: फिरोजाबाद में ग्रामीणों ने हंगामा किया, विधायक बोले- हद दर्जे की लापरवाही – Firozabad News




फिरोजाबाद के ढोलपुरा गांव में गेल गैस विभाग के एक खुले चैंबर में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मंगलवार रात हुई इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और आक्रोशित ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ढोलपुरा निवासी छोटेलाल पुत्र राम भरोसी मंगलवार रात करीब 11 बजे गांव के बाहर से गुजर रहे थे। इसी दौरान वह खुले पड़े गैस चैंबर में गिर गए। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उनका शव चैंबर में मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गेल गैस विभाग का चैंबर लंबे समय से खुला पड़ा था और उसकी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना था कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने लापरवाही बरती। सूचना मिलने पर एसडीएम और सदर विधायक भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने विभाग के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। यूनियन नेताओं ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। एसडीएम ने कहा- दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी
एसडीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चेंबर में गिरकर मृत हो गया है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा। विधायक बोले- ये हद दर्जे की लापरवाही
सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि यह हद दर्जे की लापरवाही है। उन्होंने बताया कि करीब 8 से 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर मजदूर की मौत हुई है। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। विधायक ने कहा कि बच्चों की देखरेख और आर्थिक सहायता के लिए सरकार से मांग की जाएगी। साथ ही डीएम से भी इस संबंध में मांग की गई है। उन्होंने बताया कि डीएम को पूरी घटना से अवगत करा दिया गया है और नगरायुक्त को मौके पर भेजकर सभी खुले गड्ढों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments