पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर होते हुए उत्तराखंड बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं, उपकेंद्रों और कांवड़ मार्ग पर मौजूद बिजली तंत्र की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य 22 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमडी ने कांवड़ मार्ग पर लगे बिजली के पोलों को आठ फीट ऊंचाई तक पॉलीथीन और पीवीसी कवर से सुरक्षित करने, ट्रांसफार्मरों की मजबूत बैरीकेडिंग कराने, विद्युत लाइनों की गार्डिंग सुनिश्चित करने और पूरे बिजली तंत्र को सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। शाकुंभरी उपकेंद्र में परखी व्यवस्थाएं
सहारनपुर पहुंचकर प्रबंध निदेशक ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शाकुंभरी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मेंटेनेंस, प्रोटेक्शन सिस्टम, अर्थिंग उपकरणों की कार्यक्षमता, सुरक्षा मानकों और रखरखाव व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकेंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए और किसी भी तकनीकी कमी को तत्काल दूर किया जाए। पोल टू पोल होगी चेकिंग
एमडी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर पोल टू पोल जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी करंट लीकेज की संभावना न रहे। साथ ही बिजली लाइनों के पास मौजूद पेड़ों की समयबद्ध कटाई-छंटाई कर संभावित व्यवधानों को समाप्त किया जाए ताकि यात्रा के दौरान निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति बनी रहे। लापरवाही पर होगी कार्रवाई
रवीश गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित सेफ्टी ड्रिल आयोजित करने तथा सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। बोले- फील्ड पर रहें अधिकारी
पीवीवीएनएल एमडी रवीश गुप्ता ने कहा कि कांवड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर कार्यों की निगरानी करें और प्रत्येक निर्देश का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
Source link
कांवड़ यात्रा को लेकर पीवीवीएनएल अलर्ट, एमडी उतरे सड़क पर: पोलों की पीवीसी कवरिंग से लेकर ट्रांसफार्मरों की बैरीकेडिंग के दिए निर्देश, 22 को समीक्षा – Meerut News
RELATED ARTICLES

