राजसमंद में आमेट थाना सर्कल में दर्दनाक सड़क हादसा, बेकाबू कार पलटी, 1 साल की मासूम की जिंदा जलने से मौत।
राजसमंद में बेकाबू कार में पलटने के बाद आग लग गई। हादसे में एक साल की मासूम बच्ची जिंदा जल गई। राहगीरों ने कार सवार बच्ची के माता-पिता, बड़ी बहन और ड्राइवर को बाहर निकाल कर बचा लिया।
.
हादसा आमेट थाना सर्कल में बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, कार सवार परिवार आमेट से रेलमगरा (राजसमंद) जा रहा था। इस दौरान राजपुरा मोड के पास कार बेकाबू होकर पलट गई। कार के पलटते ही उसमें आग लग गई। कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया।
कार में सवार था पूरा परिवार
आमेट थाना इंचार्ज ओम सिंह चुंडावत के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। इनमें रेलमगरा निवासी विकास जैन (32), उनकी पत्नी राजेश्वरी जैन, उनकी दो बेटियां धनिष्ठा (4) और प्रनिधि (1) तथा ड्राइवर कालूराम शामिल थे।
राहगीरों ने दिखाई हिम्मत, चार को बचाया
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने साहस दिखाया। उन्होंने जलती हुई कार से विकास जैन, उनकी पत्नी, चार साल की बेटी धनिष्ठा और चालक को बाहर निकाल लिया। हालांकि आग तेजी से फैल गई। इसी दौरान एक साल की मासूम प्रनिधि कार के अंदर फंस गई। आग की लपटों के बीच उसे बाहर नहीं निकाला जा सका और उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
एक घंटे की मशक्कत, लेकिन कार जलकर खाक
सूचना मिलते ही आमेट थाना पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची। नगर पालिका की दमकल को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
सभी घायलों की हालत नाजुक
हादसे में घायल सभी लोगों को पहले आमेट के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजसमंद आर.के. जिला अस्पताल रेफर किया गया। राजेश्वरी जैन के पैर में फ्रैक्चर है। विकास जैन की जीभ गंभीर रूप से कट गई है। ड्राइवर और चार वर्षीय बच्ची सहित सभी की हालत नाजुक बनी हुई है।

