किशनगंज लोकसभा क्षेत्र की लंबित रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने केंद्रीय रेल मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में किशनगंज शहर में दो रेल ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण, गलगलिया रेलवे स्टेशन के विकास, किशनगंज और ठाकुरगंज स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में तेजी लाने की मांग की गई है। सांसद डॉ. जावेद ने बताया कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार है। अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ा होने के कारण यहां मजबूत रेल अवसंरचना केवल यात्री सुविधा के लिए ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास और रणनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। आम लोगों को घंटों परेशानी का करना पड़ता है सामना ज्ञापन में रेलवे समपार फाटक संख्या SK-313 और SK-314 पर लगने वाले जाम को क्षेत्र की एक प्रमुख समस्या बताया गया है। सांसद के अनुसार, इन फाटकों पर प्रतिदिन भारी यातायात दबाव रहता है, जिससे विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता है। डॉ. जावेद ने दोनों स्थानों पर जल्द से जल्द रेल ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए बिहार सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना को मंजूरी देने और निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया। डॉ. जावेद ने सीमावर्ती गलगलिया रेलवे स्टेशन के व्यापक विकास की भी मांग की। उन्होंने ट्रेन संख्या 15723/15724 और 75705/75706 के गलगलिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने, लिंकिंग यार्ड के निर्माण और स्टेशन के उन्नयन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि नेपाल और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे होने के कारण गलगलिया स्टेशन का सामरिक और व्यावसायिक महत्व काफी अधिक है। इसके विकास से क्षेत्र में व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी। विकास कार्यों को टाइम पर पूरा करने की मांग सांसद ने किशनगंज और ठाकुरगंज रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने की मांग की। उन्होंने दोनों स्टेशनों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें आरपीएफ नियंत्रण कक्ष से जोड़कर सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने का भी सुझाव दिया। ज्ञापन में रेल मंत्रालय से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति और लागत संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने का भी अनुरोध किया गया है। सांसद का कहना है कि समयबद्ध निगरानी और पारदर्शिता से विकास कार्यों में तेजी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मांग पूरी होने पर सीमावर्ती इलाकों के लोगों को मिलेगा लाभ
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेल फाटकों पर लंबे जाम, सीमित स्टेशन सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण यात्रियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर कार्रवाई होती है, तो सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और सीमावर्ती इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने उम्मीद जताई है कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर किशनगंज-ठाकुरगंज क्षेत्र की रेल अवसंरचना और यात्री सुविधाओं को नई दिशा देगा।
Source link

