भारतीय किसान संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (एसई) और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों ने रबी की बुवाई के लिए प्रतिदिन साढ़े छह घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की।
.
ज्ञापन में अन्य मांगों में सभी 33 केवी जीएसएस पर स्वचालित पावर कैपेसिटर लगाने, फॉल्ट ठीक करने में लापरवाही न बरतने के लिए एफआरटी टीम को पाबंद करने और मोखेरी ग्राम पंचायत में बार-बार बाधित होने वाली सिंगल फेस सप्लाई की समस्या का समाधान शामिल था। किसानों ने ढाणियों और गांव की बिजली लाइनों को अलग करने की भी मांग की। इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष नरेश व्यास, तहसील अध्यक्ष किशन लाल, लक्ष्मण पालीवाल सहित कई किसान नेता उपस्थित रहे।
इससे पहले, भारतीय किसान संघ की तहसील स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में किसानों ने बिजली की गंभीर समस्या, क्षतिग्रस्त सड़कों और भारी वर्षा से फसलों को हुए नुकसान पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ध्यान आकर्षित किया जाएगा। यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो किसान आंदोलन करेंगे। बैठक में ओमप्रकाश पालीवाल, तुलसीराम रामपुरा, पांचाराम, बरकत, आसुराम कुमावत सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

