गोपालगंज के जिला समाहरणालय सभा कक्ष में आगामी महावीरी झंडा और चेहल्लुम पर्व को लेकर जिला शांति समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने की।
.
बैठक में दोनों पर्वों के दौरान जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित और उप विकास आयुक्त निशांत विवेक भी उपस्थित रहे।
विधि-व्यवस्था संबंधी मांगे सुझाव
जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों से विगत सालों के अनुभवों के आधार पर विधि-व्यवस्था संबंधी सुझाव मांगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जैसे पिछले सालों में दोनों पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए, वैसे ही इस साल भी सभी के सहयोग से संपन्न होंगे।
सदस्यों ने प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें डीजे, ऑर्केस्ट्रा पर रोक लगाने की बात कही गई। घातक अस्त्र-शस्त्र और लाठी-भाला के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग
संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई। जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। ड्रोन कैमरे से निगरानी रखने और जुलूस में बाहरी व असामाजिक तत्वों की घुसपैठ रोकने के उपाय सुझाए गए।
हाथी और घोड़े के सीमित प्रयोग की अनुमति का अनुरोध
पूजा समिति ने जुलूस में हाथी और घोड़े के सीमित प्रयोग की अनुमति का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने समिति के साथ अलग से बैठक कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया। जुलूस के दौरान लंबी अवधि तक बिजली कटौती से होने वाली असुविधा को देखते हुए, समय पर बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश भी दिए गए।
सभी ने एक स्वर में कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से महावीरी झंडा और चेहल्लुम का पर्व इस वर्ष भी शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न होगा।

