गोरखपुर के एमएसआई इंटर कॉलेज में शनिवार को माध्यमिक विद्यालयी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह और सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के लिए अनुशासन और नियमों का पालन बहुत जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और अनुशासित जीवन से खिलाड़ी का प्रदर्शन बेहतर होता है। साथ ही टीम भावना, धैर्य और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे खिलाड़ियों में ये सभी गुण दिखाई देते हैं। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि एकल खेलों में खिलाड़ी की व्यक्तिगत मेहनत महत्वपूर्ण होती है, जबकि टीम खेलों में सभी खिलाड़ियों की जिम्मेदारी होती है कि वे टीम को जीत दिलाने के लिए बेहतर प्रदर्शन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि गोरखपुर के खिलाड़ी आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल करेंगे। इसके बाद जनपदीय क्रीड़ा कोषाध्यक्ष एवं राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह ने वर्ष 2025-26 में माध्यमिक विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में जिले की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के शिवानंद यादव शामिल रहे, जिन्होंने कुश्ती प्रतियोगिता में किर्गिस्तान में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वहीं वॉलीबॉल खिलाड़ी आकांक्षा पांडे और हैंडबॉल खिलाड़ी अनन्या यादव को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले 72 खिलाड़ियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले 10 खिलाड़ियों को भी विशेष सम्मान दिया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य भानु प्रताप चंद, सुनील कुशवाहा, स्नेह लता, आलोक श्रीवास्तव, जय हिंद यादव, पीएन सिंह, राम हरि यादव, जयप्रकाश यादव, हरिकेश यादव, शक्ति पांडे, नीलम, हृदयेश रावत, रविंदर यादव, अभिषेक सिंह सहित कई शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
गोरखपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन: राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम – Gorakhpur News
RELATED ARTICLES

