ग्वालियर में 79वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को हर्षोल्लास, धूमधाम और गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। जिले का मुख्य समारोह कम्पू स्थित एसएएफ मैदान पर आयोजित होगा, जिसमें उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह
.
समारोह में मुख्य अतिथि कुशवाह सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद स्कूली बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस साल जिले के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश भी सीधे प्रसारित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रातः 9:25 से 9:55 बजे तक संदेश देंगे, जिसका सीधा प्रसारण ग्वालियर के एसएएफ मैदान में भी किया जाएगा।
इसके लिए मैदान में बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। मुख्यमंत्री के संदेश के उपरांत मंत्री कुशवाह स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं का वाचन करेंगे।
पारंपरिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
हर साल की भांति इस बार भी समारोह में पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य अतिथि मंत्री कुशवाह द्वारा शांति और सुख-समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े जाएंगे। इस दौरान हर्ष फायर एवं “राष्ट्रपति जी की जय” के नारे लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, इस स्वतंत्रता दिवस पर सेना द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता की झलकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।
सुरक्षा बलों की सशस्त्र टुकड़ियां, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड आदि द्वारा मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी जाएगी। मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर नारियों, सैन्य कार्यवाहियों के दौरान घायल हुए सैनिकों एवं लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा। स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कार्यक्रम के उपरांत मंत्री कुशवाह टकसाल स्कूल के बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन करेंगे।

