नई दिल्ली20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
किरेन रिजिजू ने न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में कई मुद्दों पर बात की।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ANI को दिए इंटरव्यू में जेन-जी आंदोलन, जंतर-मंतर प्रदर्शन, अभिजीत दीपके, राहुल गांधी और कांग्रेस पर कई बयान दिए। उन्होंने कहा कि जेन-जी हमारे अपने बच्चे हैं और उनसे लगातार बातचीत जरूरी है। उनसे बातचीत करने में सरकार की तरफ से कोई कमी नहीं है।
रिजिजू ने जंतर-मंतर प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों के प्रदर्शन के बावजूद एक भी गोली नहीं चली और किसी प्रदर्शनकारी को गंभीर चोट नहीं लगी। उन्होंने कहा- अगर ऐसा आंदोलन कांग्रेस के दौर में हुआ होता, तो हजारों लोगों की मौत हो सकती थी।
रिजिजू ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा- दीपके AAP कार्यकर्ता हैं। छात्र कैसे बन गए? उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल छात्रों के आंदोलन को हाईजैक करने की कोशिश कर रहे हैं।

पीएम के दिमागी नक्सल वाले बयान से लेकर जंतर-मंतर प्रदर्शन तक, रिजिजू के इंटरव्यू की पूरी बात…
1. रिजिजू बोले- राहुल को नेता प्रतिपक्ष पद की गरिमा रखनी चाहिए
रिजिजू ने कहा- राहुल गांधी सदन के अंदर जैसा व्यवहार करते हैं, क्या वे नेता प्रतिपक्ष जैसे दिखाई देते हैं? मेरा उनसे कोई व्यक्तिगत मुद्दा नहीं है। हम मिलते हैं, बातचीत करते हैं। लेकिन नेता प्रतिपक्ष को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए काम करना चाहिए और उसी हिसाब से सदन में बोलना चाहिए। राहुल ने एक खास तरह की शैली अपनाई है और उनके सांसद भी उसी तरह व्यवहार करने लगे हैं।
2. संसद में शाह के बयान पर बोले- कांग्रेस चर्चा से भागी
अमित शाह के बयान की विपक्ष की मांग पर रिजिजू ने कहा- जब सरकार संसद में हर सवाल का जवाब देने और परिस्थितियों की पूरी जानकारी देने के लिए तैयार थी, तब कांग्रेस सच्चाई का सामना करने की स्थिति में नहीं थी। कांग्रेस डर गई है, इसलिए चर्चा से भागने का बहाना बनाया।
रिजिजू ने कहा- कांग्रेस को लगता है कि उनका काम सिर्फ हंगामा करना, चिल्लाना और गाली देना है। अगर किसी सांसद को सिर्फ हंगामा करना है तो सांसद बनने की जरूरत क्या है? वे सड़क पर प्रदर्शन कर सकते हैं।

3. जंतर-मंतर प्रदर्शन पर बोले- किसी की जान नहीं गई, पुलिस की तारीफ होनी चाहिए
रिजिजू ने कहा- दिल्ली प्रशासन ने प्रदर्शन के दौरान एक भी लाठी नहीं चलाई। पुलिस ने तब कार्रवाई की, जब प्रदर्शनकारी जबरदस्ती संसद की ओर बढ़ने लगे। किसी की हड्डी नहीं टूटी। कोई प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। किसी की मौत नहीं हुई। पुलिस की तारीफ होनी चाहिए।
दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस एक्शन की 3 तस्वीरें…

प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की लाठीचार्ज में 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारी जख्मी हुए थे।

लाठीचार्ज के दौरान एक प्रदर्शनकारी के सिर में चोटे आईं थीं।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों से अस्पताल में मिले थे।
4. दीपके पर बोले- AAP कार्यकर्ता हैं, छात्र कैसे बन गए
रिजिजू ने जेन-जी आंदोलन का नेतृत्व करने वाले CJP फाउंडर अभिजीत दीपके का जिक्र करते हुए कहा- दीपके महाराष्ट्र से हैं, लेकिन वे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। वे छात्र कैसे बन गए।

5. जेन-जी से BJP के जुड़ाव पर बोले- उनसे बात करनी होगी
रिजिजू ने कहा- जेन-जी बच्चों से कनेक्शन में कोई कमी नहीं है। वे हमारे अपने बच्चे हैं। हमें उनकी बात सुननी होगी और उन्हें अपनी बात भी समझानी होगी। अगर उन्हें लगातार सिर्फ मांगें करने के लिए उकसाया जाता रहेगा तो दूरी कम करने में समय लगेगा।
6. पीएम के दिमागी नक्सल वाले बयान पर बोले- कांग्रेस नक्सली पार्टी बनती जा रही
15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी दिमागी नक्सल’ बयान पर कांग्रेस के विरोध को लेकर रिजिजू ने कहा- एक तरह से कांग्रेस पार्टी माओवादी और नक्सली संगठन जैसी बनती जा रही है। उन्होंने आगे कहा-
- सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली नेशनल एडवाइजरी काउंसिल में पहले ऐसी विचारधारा रखने वाले लोगों का प्रभाव था। अब पूरी कांग्रेस पार्टी माओवादी पार्टी की तरफ बढ़ती दिख रही है। इससे पहले कांग्रेस मुस्लिम लीग जैसी पार्टी बन चुकी थी।
- जंगल में हथियार उठाने वाले नक्सलियों को काफी हद तक खत्म किया जा चुका है, लेकिन उनकी विचारधारा शहरी इलाकों में अभी भी मौजूद है। उससे भी निपटना जरूरी है। कांग्रेस ने इसे अपने ऊपर क्यों लिया, यह समझ से परे है।

7. राहुल के PM मोदी पर तंज को लेकर बोले- खुद हंसी का पात्र बने
पीएम मोदी की विदेशी नेताओं से मुलाकातों पर राहुल की टिप्पणी पर रिजिजू ने कहा- राहुल ने प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाने की कोशिश की, लेकिन अंत में खुद ही हंसी का पात्र बन गए। उन्होंने अपनी छवि को बहुत नुकसान पहुंचाया है और इससे बाहर निकलना उनके लिए मुश्किल होगा।
राहुल गांधी ने 13 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की विदेशी नेताओं के साथ मुलाकातों पर तंज कसा था।
8. राम मंदिर चंदे के मामले पर बोले- चर्चा के लिए तैयार थे
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर रिजिजू ने कहा- हम संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थे। विपक्ष छात्र आंदोलन और दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा चाहता था। सभी मुद्दों पर एक साथ चर्चा नहीं हो सकती।
9. FCRA बिल पर बोले- JPC में जाने से सच सामने आएगा
FCRA संशोधन बिल को संयुक्त संसदीय समिति यानी JPC में भेजे जाने पर रिजिजू ने कहा- यह बहुत अच्छा फैसला है। उन्होंने विपक्ष के आरोप को खारिज किया कि FCRA कानून ईसाई मिशनरियों को निशाना बनाता है। रिजिजू ने कहा कि कानून में किसी खास धर्म या समुदाय को निशाना बनाने वाला कोई प्रावधान नहीं है।
10. डीलिमिटेशन बिल पर बोले- फैसला नेतृत्व करेगा
परिसीमन बिल को लेकर रिजिजू ने कहा- हमने कब कहा कि हम बिल ला रहे हैं? मीडिया में इसकी अटकलें चल रही हैं। बिल कब लाना है, इसका फैसला हमारा नेतृत्व पूरी चर्चा के बाद करेगा।
49 दिन चला CJP का प्रदर्शन, 20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर प्रदर्शन 20 जून से शुरू हुआ था। 20 जुलाई के ‘संसद चलो’ के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, जबकि CJP ने पुलिस पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का आरोप लगाया। पुलिस कार्रवाई में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की रिपोर्ट सामने आई।

राहुल घायल को साथ लाए, पैलेट गन चलाने के आरोप लगाए
- राहुल गांधी ने 24 जुलाई को घायल छात्र साहिल लोचब को अपने साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में लाकर पुलिस पर पैलेट गन चलाने का आरोप लगाया।
- उन्होंने कहा कि साहिल की आंख में गंभीर चोट लगी है और उसकी रोशनी जाने का खतरा है।
- 25 जुलाई को राहुल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूछा कि छात्रों के खिलाफ पैलेट गन समेत घातक बल के इस्तेमाल की मंजूरी किसने दी थी।

राहुल ने पैलेट गन से घायल छात्र के हाथ और पीठ में लगी चोट दिखाई थी।
संसद में विपक्ष ने शाह को जिम्मेदार ठहराया
20 जुलाई से 13 अगस्त तक संसद का मानसून सत्र चला। इस दौरान कांग्रेस और बाकी विपक्षी दलों ने संसद में जंतर-मंतर की पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा। विपक्ष ने कार्रवाई के लिए सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए।

कांग्रेस ने मानसून सत्र के दौरान सदन में लगातार शाह की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए थे।
शाह बोले- जवाब दूंगा, राहुल बोले- लेक्चर नहीं चाहिए
12 अगस्त को अमित शाह ने कहा कि वे 13 अगस्त को विपक्ष के सभी मुद्दों पर जवाब देने के लिए तैयार हैं। उनके प्रस्ताव पर राहुल ने कहा कि विपक्ष को लेक्चर नहीं, बल्कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर जवाब चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…
——————————-
यह खबर भी पढ़ें…
संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, आखिरी दिन लोकसभा 1 मिनट, राज्यसभा 1 घंटे चली

संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। आखिरी दिन लोकसभा की कार्यवाही सिर्फ 1 मिनट चली, जबकि राज्यसभा करीब 1 घंटे चली। विपक्षी सांसद संसद के बाहर बंदर का खिलोना लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ें…


