25 जुलाई को सीवान में हुए छात्र प्रदर्शन से पहले सोशल मीडिया पर हथियार दिखाते डाला गया वीडियो वायरल हो गया है। इस मामले में सीवान SP पूरन कुमार झा के बॉडीगार्ड के रूप में कार्बाइन के साथ तैनात सिपाही उपेंद्र राणा का एक वीडियो छात्र प्रदर्शन के बाद तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर पहनकर हाथ में 9 MM कार्बाइन लिए नजर आ रहा है। घटना के बाद आरोपी बॉडीगार्ड को सस्पेंड कर दिया गया है। वीडियो में वो कह रहा है कि, ‘25 जुलाई को प्रदर्शन है और मैं पूरी तैयारी के साथ ड्यूटी पर तैनात हूं।’ वायरल वीडियो में सिपाही यह भी कहता है कि, ‘मेरे पास गोली, बम-बारूद और 9 MM कार्बाइन मशीनगन है और जनता जैसे समझे, बात से समझे या हथियार से समझे, समझाना तो पड़ेगा ही। अपने दायरे में रहकर काम करो, ऐसा कुछ मत करो कि सरकारी संपत्ति को नुकसान हो और मुझे हथियार उठाने के बाद फायर भी करना पड़े।’ मामले से जुड़ी तस्वीरें देखिए…. संबंधित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब छात्र प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस जवान द्वारा एके-47 से फायरिंग का वीडियो भी वायरल हुआ। दोनों वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रदर्शन से एक दिन पहले ही इस तरह के बयान सोशल मीडिया पर दिए जा रहे थे तो क्या प्रशासन पहले से ही कठोर कार्रवाई की तैयारी में था। SP की प्रतिक्रिया नहीं आई सामने हालांकि इस पूरे मामले में अब तक पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस महकमे की चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीडियो वायरल होने और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए सिपाही उपेंद्र राणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जिस सोशल मीडिया अकाउंट से यह वीडियो साझा किया गया था, उसे भी डीएक्टिवेट करा दिया गया है। हालांकि विभागीय स्तर पर इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। अब यह मामला केवल एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर रहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों का सार्वजनिक आचरण और सोशल मीडिया पर उनके संदेश कितने जिम्मेदार और मर्यादित होने चाहिए। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की निष्पक्षता, संयम और जवाबदेही पर नई बहस छेड़ दी है।
Source link

