जमुई की 4 विधानसभा सीटों जमुई, सिकंदरा, झाझा और चकाई में मंगलवार, 11 नवंबर को मतदान होगा। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुल 12,72,617 मतदाता 41 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद करेंगे। चुनाव प्रचार रविवार शाम को समाप्त हो गया था।
.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम नवीन कुमार ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। जिले में कुल 1595 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 30 आदर्श मतदान केंद्र शामिल हैं।
जमुई से 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अंतिम सूची के अनुसार, सिकंदरा (सुरक्षित) से 10 प्रत्याशी, जमुई से 12 प्रत्याशी, झाझा से 9 प्रत्याशी और चकाई से 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
जमुई में कुल 3,12,496 मतदाता
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है: जमुई में कुल 3,12,496 मतदाता हैं, जिनमें 1,63,222 पुरुष, 1,49,271 महिला और तीन अन्य शामिल हैं। सिकंदरा में कुल 3,01,039 मतदाता हैं, जिनमें 1,57,666 पुरुष, 1,43,372 महिला और एक अन्य मतदाता है। चकाई में कुल 3,19,600 मतदाता हैं, जिनमें 1,67,608 पुरुष, 1,51,988 महिला और चार अन्य मतदाता हैं। झाझा में कुल 3,39,482 मतदाता हैं, जिनमें 1,77,455 पुरुष, 1,62,077 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं।
1595 मतदान केंद्रों में से 1025 को संवेदनशील या क्रिटिकल घोषित किया
जिले के कुल 1595 मतदान केंद्रों में से 1025 को संवेदनशील या क्रिटिकल घोषित किया गया है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की विशेष तैनाती की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 145 माइक्रो प्रेक्षक, 26 जोनल पदाधिकारी, 152 सेक्टर दंडाधिकारी और एक सुपर जोनल पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। समाहरणालय स्थित नियंत्रण कक्ष 8 नवंबर से सक्रिय है।
विधानसभावार दूरभाष नंबर जारी किए गए
शिकायतों के लिए विधानसभावार दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं: सिकंदरा के लिए 06345-223034, जमुई के लिए 06345-223035, झाझा के लिए 06345-223036 और चकाई के लिए 06345-223037। प्रभारी पदाधिकारी का नंबर 8809613058 और वरीय पदाधिकारी का नंबर 9304042570 है।

