बूंदी के डाबी बरड़ क्षेत्र के बुधपुरा में स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल का भवन जर्जर हुआ।
बूंदी के डाबी बरड़ क्षेत्र के बुधपुरा में स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल का भवन जर्जर हो चुका है। इस स्कूल में कुल 11 कक्षाओं में 202 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं।
.
स्कूल की दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। छत की पट्टियों को लोहे के एंगल के सहारे टिकाया गया है। ये एंगल काफी पुराने हो चुके हैं और इनमें जंग लग गई है। इससे हादसे का खतरा बना रहता है।
एक अगस्त को बूंदी से सीबीईओ अर्चना तंवर और कनिष्ठ अभियंता ने स्कूल भवन का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने जर्जर भवन के उपयोग पर रोक लगा दी है। इससे बच्चों को बैठने की समस्या पैदा हो गई है।
ग्रामीणों ने की स्कूल के नए भवन के निर्माण की मांग।
ग्रामीण आजाद शर्मा, बंशी मारूभाट, कैलाश शर्मा, रोशन सेन और मुकेश सेन ने बताया कि स्कूल भवन 30 से 40 साल पुराना है। उनका कहना है कि भवन का नव निर्माण होने से बच्चों को पढ़ने में परेशानी नहीं होगी।
स्कूल के बाहर सड़क ऊंची है और सामने नाली नहीं है। इस कारण बारिश का पानी स्कूल के मैदान से होकर भवन तक घुस जाता है। इसके अलावा, स्कूल की चारदीवारी छोटी होने से असामाजिक तत्व रात के अंधेरे में वहां अपना डेरा जमा लेते हैं।

