जालोर पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शहीद जवानों को पुष्प चक्र और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में शहीदों के बलिदान को याद किया। शहीद जवानों को दिया गार्ड ऑफ ऑनर परेड में निरीक्षक लीलसिंह के नेतृत्व में शहीद जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एसपी शैलेन्द्र सिंह इन्दोलिया, एएसपी कैलाश विश्नोई, डीएसपी गौतम जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण भी किया। 1959 के बलिदान की याद में मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस अक्टूबर 1959 में लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए भारतीय पुलिस के जवानों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्हीं वीर जवानों के बलिदान को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने के लिए हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
Source link

