Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Zubeen Garg Death Case: जुबीन गर्ग की संदिग्ध मौत की जांच में CFSL विसेरा रिपोर्ट से नया मोड़ आ गया है. सीआईडी ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने न्याय का भरोसा जताया है.
असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में अब जांच ने नया मोड़ ले लिया है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बताया कि दिल्ली स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) से आई विसेरा रिपोर्ट ने जांच को ‘एक स्पष्ट दिशा’ दे दी है. जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी. इस घटना के बाद असम पुलिस की क्राइम इंवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने हत्या, आपराधिक साजिश और लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया था.
जुबीन गर्ग का दूसरा पोस्टमॉर्टम गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञों की टीम ने किया था, जबकि पहला सिंगापुर में हुआ था. अब CFSL की रिपोर्ट से जांच में नए तथ्य सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है.
इस मामले में CID अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानू महंता, जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी, गायिका अमृतप्रभा महंता और जुबीन के चचेरे भाई संदीपन गर्ग शामिल हैं, जो असम पुलिस सेवा के अधिकारी हैं. इसके अलावा, जुबीन के दो निजी सुरक्षाकर्मी परेश बैश्य और नंदेश्वर बोराह को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन पर जुबीन के पैसों के गलत इस्तेमाल के आरोप हैं. सीआईडी श्यामकानू महंता के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की भी जांच कर रही है.
जुबीन गर्ग सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (NEIF) में भाग लेने गए थे. वहां कुछ असमिया एनआरआई की ओर से आयोजित एक यॉट पार्टी में शामिल हुए, जहां समुद्र में तैरते वक्त वे अचानक बेहोश हो गए और बाद में अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि इस मामले में कुल 11 असमिया एनआरआई जुड़े हुए हैं. उनमें से एक पहले ही गुवाहाटी आकर बयान दर्ज करा चुका है, जबकि चार और लोग सोमवार को बयान दर्ज कराने आ रहे हैं. मुख्यमंत्री ने बाकी छह एनआरआई से अपील करते हुए कहा कि यह उनकी कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी है कि वे जांच में शामिल हों. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वे खुद नहीं आए, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि विसेरा रिपोर्ट आने के बाद अब न्याय की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी और उन्होंने भरोसा जताया कि जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने का जो वादा उन्होंने किया था, वह जल्द पूरा होगा. इस बीच, विसेरा रिपोर्ट के सामने आने के बाद जांच का फोकस अब इस बात पर केंद्रित हो गया है कि जुबीन गर्ग की मौत एक हादसा थी या किसी सोची-समझी साजिश का नतीजा.
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T…और पढ़ें
An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T… और पढ़ें

