पानी में डूबे रविंद्र का अबतक नहीं लगा सुराग, मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के खैलार में जुआरी पकड़ने पहुंची पुलिस को देखकर युवक तालाब में कूद गया। रविंद्र तैर कर दूसरी तरफ पहुंचा तो यहां भी पुलिस ने घेराबंदी कर रखी थी, जिसके बाद वह फिर से तालाब में कूद गया।
.
लेकिन बीच में पहुंचने के बाद उसकी सांस टूट गई और वह बाहर नहीं निकल सका। जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने झांसी-ललितपुर हाइवे जाम कर दिया। यहां एसएसपी ने भेल चौकी प्रभारी समेत चार को सस्पेंड करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है।
दरअसल, झांसी से सटे बबीना थाना क्षेत्र की भेल (BHEL) पुलिस चौकी में खैलर गांव आता है। यहीं का रहने वाला रविन्द्र जोशी (42) मेन रोड पर दुकान चलाता है। ग्रामीणों ने बताया कि वह सोमवार को दोपहर के समय अमृत सरोवर तालाब के पास जंगल में भैंसें चरा रहा था।
वहीं, कुछ लोग पास में ही जुआ खेल रहे थे। जुए की खबर पुलिस को भी थी तो ऐसे में भेल चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर नीतीश कुमार अपने साथ सब इंस्पेक्टर कैलाश चंद, सिपाही लवकुश पांडेय और धर्मेंद्र को लेकर जुआरी पकड़ने पहुंचे थे। यहां पुलिस को देख जुआरी भागने लगे। रविंद्र भी पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूद गया। लेकिन लंबे समय तक तैरने पर वह थक गया और तालाब में ही समा गया।
यहां परिजनों को उसके डूबने की जानकारी मिली तो वह मौके पर जा पहुंचे। यहां कुछ ही समय में लगभग पूरा गांव इकट्ठा हो गया और पुलिस की कार्यशैली का विरोध करते हुए झांसी-ललितपुर हाइवे जाम कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस ने रविंद्र को तालाब में धकेल दिया और बाद में उसे बाहर निकालने के प्रयास भी बहुत देर से हुए।
यहां मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार और सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने गोताखोरों की मदद से देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन, रविंद्र का सुराग नहीं मिला। फिलहाल रात को रेस्क्यू बंद कर दिया गया है।
भाई बोला-पुलिस ने तालाब से बाहर नहीं निकलने दिया
रविंद्र के छोटे भाई अमित ने बताया कि रविंद्र को तैरना आता था तो वह सोचा कि तैरकर तालाब के दूसरे किनारे पर पहुंच जाएगा। जिससे पुलिस उसे पकड़ नहीं सकेगी। लेकिन पुलिस ने तालाब के दूसरे किनारे पर भी घेराबंदी कर रखी थी। यह देख रविंद्र फिर से पहले किनारे की तरफ तैरने लगा। लेकिन किनारे से पहले उसकी हिम्मत जवाब दे गई। उनका आरोप है कि पुलिस ने भाई रविंद्र को तालाब से बाहर नहीं निकलने दिया।
हंगामा करते लोगों को एसपी सिटी की चेतवनी, जेल भेज दूंगा
ग्रामीणों ने देर रात हंगामा किया है। यहां मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का रयास किया लेकिन वह इस बात पर अड़े थे कि भेल चौकी प्रभारी और उनके साथ घटना के समय मौजूद पुलिस कर्मियों को मौके पर बुलाएं। इस पर एसपी सिटी ने कहा कि अगर हमारे लोग गलत हैं तो उन पर कार्रवाई होगी। लेकिन में किसी को व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दूंगा। बोले, मैं सबकी वीडियो बनवा रहा हूं, अगर कोई हालात खराब करने का प्रयास करेगा तो मैं कल भी यहीं आऊंगा और एक एक को घर से लात मारकर जेल भेज दूंगा।

