भोपाल रेलवे स्टेशन पर महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, आखिर भरा जुर्माना
.
मुंबई सीएसटीएम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (22221) में शनिवार रात एक महिला भोपाल स्टेशन पर बिना टिकट पकड़ी गई। जुर्माना लगाने की बात हुई तो महिला ने टीटीई पर नशे में होने का आरोप लगा दिया। इस पर टीटीई की तत्काल जांच करवाई गई। इसमें वह नशे में नहीं पाए गए। इसके बाद महिला जुर्माना देने पर राजी हुई लेकिन वह भी थोड़ा कैश और थोड़ा ऑनलाइन। इस पूरी कवायद में ट्रेन 13 मिनट देरी से रवाना हुई और यात्री परेशान होते रहे।
इस तरह चला घटनाक्रम: घटना भोपाल स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट अनिल शर्मा की ड्यूटी के दौरान हुई। जानकारी के मुताबिक रात करीब 1:25 बजे कमर्शियल कंट्रोल से सूचना मिली कि कोच बी‑1 की बर्थ नंबर‑7 पर एक महिला के पास टिकट नहीं है। ट्रेन 1:55 पर जब भोपाल पहुंची तो मौके पर जांच की गई।
महिला से पूछताछ की गई तो वह बोली- टीटीई को उसने पहले ही 3,500 रुपए नकद दे दिए हैं। इसके बाद उसने एक और आरोप लगाया कि टीटीई शराब के नशे में हैं, और गलत बर्ताव कर रहे हैं। इस पर टीटीई का स्टेशन पर ब्रीथ एनालाइजर से एल्कोहलिक टेस्ट किया गया। इसमें टीटीई की रिपोर्ट निगेटिव आई। यानी, वह शराब के नशे में नहीं थे। मामले की रिकॉर्ड जानकारी स्टेशन पर दर्ज कर ली गई है।
5500 रुपए का जुर्माना लगाया
ऑनड्यूटी टीटीई ने महिला से 3,500 रुपए लेना स्वीकार किया और बाकी बचे हुए 2,000 रुपए और देने के लिए कहा। महिला ने सिर्फ 700 रुपए नकद दिए। बाकी बची राशि ऑनलाइन देने की बात कही। डिप्टी एसएस अनिल शर्मा महिला को प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक स्टॉल पर ले गए। यहां 1300 रुपए ऑनलाइन पेमेंट करवाया और जुर्माने की रसीद बनवाई। इस दौरान महिला ने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया।
क्यों रोकनी पड़ी ट्रेन... नियमों के मुताबिक किसी महिला यात्री को रात के समय ट्रेन से उतारा नहीं जा सकता। इसलिए उसे यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई। भोपाल से ट्रेन 2:18 पर रवाना हुई। इस घटना के कारण ट्रेन को कुल मिलाकर 13 मिनट की देरी हुई।
जुर्माने वसूलने के लिए ऑनलाइन सिस्टम नहीं इस घटनाक्रम ने भोपाल स्टेशन की खामी भी उजागर कर दी। महिला ऑनलाइन जुर्माना भरने को तैयार थी, लेकिन रेलवे के पास इसकी व्यवस्था ही नहीं थी। ऐसे में एक वेंडर को 1300 रुपए का पेमेंट करवाकर उससे कैश रकम ली गई। मामले में सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया का कहना है कि स्टेशन पर फिलहाल जुर्माने के लिए पीओएस मशीनें नहीं हैं।

