जैसलमेर में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। आसमान में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान के तेवर नरम पड़े हैं। मौसम में आए इस बदलाव के पीछे उत्तर भारत के वायुमंडल में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बताया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में जैसलमेर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। चार दिन साफ रहेगा आसमान, बारिश के आसार नहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 13 अक्टूबर तक जैसलमेर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में धूप रहने के साथ सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ से बदला हवाओं का रुख मौसम में आए बदलाव की वजह उत्तर भारत के ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव माना जा रहा है। इससे पहले जैसलमेर सहित पश्चिमी राजस्थान में गर्म और शुष्क हवाएं चल रही थीं। वायुमंडलीय परिस्थितियों में बदलाव के कारण हवाओं के रुख में परिवर्तन हुआ, जिससे आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। बादलों की छांव और ठंडी हवाओं के कारण गर्मी का असर कुछ कम हुआ है। हालांकि, मौसम में बदलाव के बावजूद फिलहाल तेज बारिश या आंधी जैसे हालात बनने की संभावना नहीं जताई गई है। धीरे-धीरे बदलने लगेगा मौसम का मिजाज मौसम केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह और शाम के तापमान में नरमी के साथ लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, दिन के समय अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने के कारण गर्मी का असर पूरी तरह खत्म होने की संभावना नहीं है।
Source link

