डिंडोरी में शुक्रवार को देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर से मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाई।
.
इस मैराथन दौड़ में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जबकि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तेज चाल से उनका साथ दिया। कलेक्ट्रेट तिराहे से शुरू होकर यह दौड़ नगर के बस स्टैंड से होते हुए कॉलेज मैदान तक पहुंची।
कलेक्ट्रेट परिसर में विधायक ने दिखाई हरी झंडी
कलेक्ट्रेट परिसर में डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दौड़ के समापन के बाद चंद्र विजय कॉलेज में मौजूद सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता और साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
विधायक बोले- देश की एकता के लिए मिलकर काम करें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि देश की एकता के लिए हम सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ रहने, लक्ष्य निर्धारित करने, नशे से दूर रहने और अपने जिले, गांव व देश का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

भाजपा जिलाअध्यक्ष बोले- हमे सरदार पटेल से प्रेरणा लेना चाहिए
भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस तरह विभिन्न रियासतों को मिलाकर एक राष्ट्र का निर्माण किया, हम सभी को उनसे प्रेरणा लेकर काम करना चाहिए।

